Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

खंडवा में आबादी के बीच पहुंचा 128 बॉक्स विस्फोटक से भरा ट्रक, बिजली के खंभे से टकराया; बड़ा हादसा टला

नया हरसूद में 128 बॉक्स विस्फोटक लेकर जा रहा ट्रक रास्ता भटककर आबादी क्षेत्र में पहुंचा और बिजली के खंभे से टकरा गया। चालक पर 10 हजार का जुर्माना लगा।

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के नया हरसूद में बुधवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। वरणगांव ऑर्डिनेंस फैक्ट्री से 128 बॉक्स विस्फोटक लेकर इटारसी जा रहा एक ट्रक रास्ता भटककर आबादी वाले इलाके में पहुंच गया। यहां सेक्टर-07 में हनुमान मंदिर के पास ट्रक बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर के बाद बिजली के तारों में हल्की चिंगारी दिखाई दी। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। जांच में पता चला कि ट्रक में करीब 2.235 मीट्रिक टन विस्फोटक लदा था।

रास्ता भटककर आबादी वाले इलाके में पहुंचा ट्रक

जानकारी के मुताबिक, ट्रक नंबर MP 05/DB 0378 महाराष्ट्र के वरणगांव स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री से विस्फोटक लेकर इटारसी जा रहा था। चालक राजेंद्र कुमार के अनुसार, वह मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे वरणगांव से रवाना हुआ था। रास्ते में बोरगांव के पास एक ढाबे पर खाना खाने के बाद रुक गया। बुधवार सुबह करीब 6 बजे उसने दोबारा सफर शुरू किया। इस दौरान हरसूद बायपास से हरदा रोड की ओर जाने के बजाय वह रेलवे ओवरब्रिज पार कर पुलिस थाना चौराहा और घोसी मोहल्ला चौक होते हुए नया हरसूद के सेक्टर-07 पहुंच गया। यहां हनुमान मंदिर के पास मोड़ लेते समय ट्रक बिजली के खंभे से टकरा गया।

ट्रक में रखे थे विस्फोटक के 128 बॉक्स

पुलिस ने ट्रक की जांच की तो उसमें 128 बॉक्स एक्सप्लोसिव मिले। दस्तावेजों के मुताबिक, इनमें 7.62 एमएम बॉल के लिए प्रोपेलेंट के दो लॉट रखे थे। प्रत्येक लॉट में 64 बॉक्स थे। इनका कुल वजन 2.235 मीट्रिक टन दर्ज था। दस्तावेजों में वरणगांव ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के डिप्टी मैनेजर एनएस महके के हस्ताक्षर वाला पत्र भी मिला। इसके मुताबिक, गेट पास नंबर B-013342 के जरिए 3 नवंबर 2026 को विस्फोटक रवाना किया गया था।

Breaking News

ट्रक में सुरक्षा इंतजामों की कमी भी आई सामने

इस घटना में ट्रक की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं। करीब 325 किलोमीटर की दूरी तय करने वाले ट्रक में चालक अकेला था। उसके साथ न कोई सुरक्षा कर्मचारी था और न ही क्लीनर मौजूद था। इसके अलावा, ट्रक का पिछला हिस्सा लॉक या सील से सुरक्षित नहीं था। गेट केवल बोल्ट के सहारे बंद किया गया था। विस्फोटक से भरे ट्रक का निर्धारित रास्ते से भटककर आबादी वाले इलाके में पहुंचना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

शराब पीकर वाहन चलाने पर चालक पर जुर्माना

घटना की सूचना मिलते ही हरसूद पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को चालक समेत थाने ले गई। चालक राजेंद्र कुमार का मेडिकल परीक्षण कराया गया। शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां 10 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया। पुलिस ने मामले की जानकारी इटारसी ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के अधिकारियों को भी दी। खबर लिखे जाने तक फैक्ट्री के अधिकारियों के हरसूद थाने पहुंचने की जानकारी सामने आई थी। हरसूद थाना प्रभारी जगदीश सिंधिया ने बताया कि चालक का मेडिकल परीक्षण कराकर न्यायालय में पेश किया गया है। उस पर 10 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया है। मामले की जानकारी इटारसी ऑर्डिनेंस फैक्ट्री को दे दी गई है।

Satyendra Thakur
By Satyendra Thakur

Latest Posts