खंडवा में गणेश विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा, भाजपा नेता के दो बेटे डूबे; देर रात मिले शव

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के ग्राम नाहल्दा के पास गणेश विसर्जन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में डूबे दो सगे भाइयों के शव शुक्रवार देर रात बरामद कर लिए गए। दोनों भाइयों की तलाश के लिए करीब साढ़े 5 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। रात करीब 10:15 बजे महज 15 मिनट के अंतराल में दोनों शव बरामद हुए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। शनिवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पांच बच्चे पानी में डूबे, तीन को ग्रामीणों ने बचाया
हादसा शुक्रवार शाम करीब साढ़े 4 बजे हुआ था। ग्रामीणों के अनुसार, गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान पांच बच्चे खदान में भरे पानी में उतर गए थे। कुछ देर बाद सभी बच्चे पानी में डूबने लगे। मौके पर मौजूद गांव के युवकों ने तुरंत बचाव की कोशिश शुरू की और तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, दो बच्चे गहरे पानी में चले गए और उन्हें बाहर नहीं निकाला जा सका। डूबने वालों की पहचान 17 वर्षीय विश्वास ठाकुर और 16 वर्षीय लक्ष ठाकुर के रूप में हुई। विश्वास 12वीं और लक्ष 10वीं कक्षा में पढ़ता था। दोनों के पिता मोंटू ठाकुर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष बताए जा रहे हैं।
MP के मंडला में गणेश पंडाल बना मौत का मंच! करंट लगने से 4 की मौत
करीब साढ़े 5 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और होमगार्ड की टीम मौके पर पहुंची। तीन सदस्यीय होमगार्ड टीम ने नाव और सर्चिंग उपकरणों की मदद से दोनों भाइयों की तलाश शुरू की। स्थानीय ग्रामीण भी रेस्क्यू टीम के साथ तलाश में जुट गए। ग्रामीणों ने घटनास्थल पर गोताखोरों को बुलाने की मांग भी की। पानी गहरा होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। घंटों की तलाश के बाद रात करीब 10:15 बजे दोनों शव बरामद किए गए।
सड़क निर्माण के दौरान खोदी गई थी खदान
बताया जा रहा है कि जिस खदान में हादसा हुआ, वह सड़क निर्माण के दौरान खोदी गई थी। बारिश के कारण इसमें पानी भर गया था। ग्रामीणों के मुताबिक, इससे पहले गांव के कुछ बच्चे यहां गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए नहीं आए थे। एसडीएम ऋषि सिंघई ने बताया कि यह जगह प्रशासन की ओर से निर्धारित विसर्जन स्थल में शामिल नहीं थी। गांव से करीब एक किलोमीटर दूर गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए अलग स्थान तय किया गया था। इसके बावजूद बच्चे खदान की ओर चले गए और वहीं प्रतिमा विसर्जित करने लगे।
प्रतिमा लेकर पानी में उतरे थे बच्चे
घटना के समय मौजूद वैभव राजपूत ने बताया कि वह विश्वास और लक्ष के साथ गणेश प्रतिमा लेकर पानी में उतरा था। पानी की गहराई देखने के दौरान विश्वास आगे चला गया और अचानक नियंत्रण खोने लगा। उसे बचाने की कोशिश में लक्ष और वैभव भी पानी में डूबने लगे। वैभव के अनुसार, मौके पर मौजूद एक युवक ने उसे धक्का देकर पानी से बाहर निकाल दिया। इसके बाद विश्वास और लक्ष गहरे पानी में चले गए और लापता हो गए।
मंडला नगर पालिका सीएमओ 2 लाख रुपए की रिश्वत लेते ट्रैप
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव
दोनों शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। इसके बाद शव परिवार को सौंपे जाएंगे। हादसे की खबर के बाद नाहल्दा गांव में शोक का माहौल है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटनास्थल पर देर रात तक बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



















