MP के मंडला में गणेश पंडाल बना मौत का मंच! करंट लगने से 4 की मौत

मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में गणेश पंडाल में करंट फैलने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे थे लोग
घटना नैनपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव की है। बताया जा रहा है कि गणेश विसर्जन के बाद कुछ लोग गणेश पंडाल के मंच पर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक पंडाल में करंट फैल गया और वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।
करंट कैसे फैला? जांच जारी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पंडाल में करंट फैलने की वजह शॉर्ट सर्किट या बिजली का तार टूटना हो सकती है। हालांकि, हादसे की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
ASP ने की घटना की पुष्टि
मंडला के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा ने मोबाइल फोन पर घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गणेश पंडाल में करंट फैलने से चार लोगों की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि पंडाल में करंट कैसे फैला। हादसे के बाद हीरापुर गांव में शोक का माहौल है।




















