Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बानापुरा साप्ताहिक बाजार में चोरों का आतंक, 2 व्यापारियों की लोडिंग ऑटो से बैटरी चोरी; व्यापारियों ने दी बाजार बंद करने की चेतावनी

सिवनी मालवा के बानापुरा साप्ताहिक बाजार में चोरों और जेबकतरों का आतंक बढ़ गया है। दो सब्जी व्यापारियों के लोडिंग ऑटो से करीब 8-8 हजार की बैटरियां चोरी हो गईं। सुरक्षा व्यवस्था से नाराज व्यापारियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग करते हुए बाजार में आना बंद करने की चेतावनी दी है।
बानापुरा साप्ताहिक बाजार में चोरों का आतंक, 2 व्यापारियों की लोडिंग ऑटो से बैटरी चोरी; व्यापारियों ने दी बाजार बंद करने की चेतावनी
सिवनी मालवा के बानापुरा साप्ताहिक बाजार में चोरों और जेबकतरों का आतंक

सिवनी मालवा। बानापुरा के साप्ताहिक बाजार में चोरी और जेबकतरी की घटनाओं से व्यापारियों में भारी आक्रोश है। हर गुरुवार लगने वाले बाजार में व्यापारियों के वाहन सुरक्षित नहीं हैं। असामाजिक तत्व वाहनों की बैटरियां चोरी कर रहे हैं, वहीं जेबकतरे ग्राहकों और व्यापारियों के मोबाइल व जेब पर हाथ साफ कर रहे हैं। लगातार हो रही घटनाओं से परेशान व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो वे साप्ताहिक बाजार में आना बंद कर देंगे।

बानापुरा बाजार में चोर बेखौफ, 2 लोडिंग ऑटो की बैटरियां चोरी

व्यापारियों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से बाजार में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। सब्जी व्यापारी गोविंद रघुवंशी, निवासी ग्राम झकलाय, ने बताया कि वे हर गुरुवार बानापुरा में दुकान लगाने आते हैं। पिछले चार सप्ताह से बाजार को पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने स्थित मैदान में लगाया जा रहा है। व्यापारियों के वाहन स्वास्थ्य विभाग परिसर में खड़े करवाए जाते हैं।

गोविंद रघुवंशी ने बताया कि अज्ञात चोर स्वास्थ्य विभाग परिसर का गेट तोड़कर उनके लोडिंग ऑटो की बैटरी चुरा ले गए। इसकी कीमत करीब 8 हजार रुपए है। वहीं, नर्मदापुरम निवासी दूसरे सब्जी व्यापारी उमैर राइन ने बताया कि पिछले गुरुवार को उनके लोडिंग ऑटो की बैटरी भी इसी स्थान से चोरी हो गई थी। उन्हें नई बैटरी लगवाने के लिए करीब 8 हजार रुपए खर्च करने पड़े।

बाहर वाहन खड़ा करने पर 500 रुपए का चालान

व्यापारियों का कहना है कि नगर पालिका बाजार तो लगवा रही है, लेकिन वाहनों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं हैं। उनका आरोप है कि निर्धारित स्थान के बाहर वाहन खड़ा करने पर नगर पालिका 500 रुपए का चालान काटती है। ऐसे में व्यापारी अपने वाहन कहां खड़े करें, यह बड़ा सवाल है।

सुरक्षा नहीं मिली तो बाजार में आना करेंगे बंद

लगातार हो रही चोरियों से नाराज व्यापारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था नहीं सुधरी, तो वे साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाने नहीं आएंगे। व्यापारियों का कहना है कि जब उनके वाहन और सामान ही सुरक्षित नहीं हैं, तो वे नुकसान उठाकर कारोबार कैसे करें?

पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग, जेबकतरों से भी परेशानी

व्यापारियों के अनुसार, गुरुवार को बाजार में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल नजर नहीं आता। इसी का फायदा उठाकर चोर और जेबकतरे वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। व्यापारियों ने प्रशासन, नगर पालिका और पुलिस से बाजार में नियमित गश्त बढ़ाने, सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती करने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।

अब देखना होगा कि प्रशासन और स्थानीय पुलिस व्यापारियों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाते हैं। फिलहाल, चोरी की घटनाओं ने बानापुरा साप्ताहिक बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

SANDEEP THAKUR
By SANDEEP THAKUR

SEONI MALWA

Latest Posts