कर्नाटक पूर्व DGP ओम प्रकाश मर्डर केस : पत्नी और बेटी गिरफ्तार, जानें हत्या से पहले गूगल पर क्या किया सर्च

बेंगलुरु। कर्नाटक के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) ओम प्रकाश की हत्या ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले में उनकी पत्नी पल्लवी और बेटी कृति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। कोर्ट में पेश करने के बाद पत्नी को 14 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में प्रॉपर्टी विवाद, मानसिक बीमारी और घरेलू कलह जैसे कई अहम पहलू सामने आए हैं।
हत्या के पीछे पारिवारिक कलह और संपत्ति विवाद
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि, ओम प्रकाश और उनकी पत्नी पल्लवी के बीच संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि, ओम प्रकाश ने कुछ प्रॉपर्टी अपने बेटे और रिश्तेदारों के नाम कर दी थी, जिससे पल्लवी नाराज थीं। इसी विवाद ने अंत में हिंसक रूप ले लिया।खाने के दौरान हुआ झगड़ा
हत्या के दिन पूर्व DGP ओम प्रकाश रात को खाना खा रहे थे। इसी दौरान उनका पत्नी से विवाद हुआ। रिपोर्ट्स के अनुसार, पल्लवी ने पहले उनके चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंका और जब वे जलन से तड़पते हुए इधर-उधर भाग रहे थे, तब पल्लवी ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ 10-12 वार किए। यह वार उनकी गर्दन, पेट और सीने पर किए गए थे।बेटे की शिकायत पर हुई गिरफ्तारी
ओम प्रकाश के बेटे कार्तिकेश ने अपनी मां पल्लवी और बहन कृति पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। कार्तिकेश के मुताबिक, उनकी मां पिछले एक हफ्ते से उनके पिता को जान से मारने की धमकियां दे रही थीं, जिससे डरकर ओम प्रकाश अपनी बहन के घर चले गए थे। दो दिन पहले कृति उन्हें जबरदस्ती घर वापस ले आई थी।हत्या से पहले गूगल पर किया सर्च
जांच में यह भी सामने आया है कि, पल्लवी ने हत्या से पहले गूगल पर 'गले की नस काटने से मौत होती है क्या' जैसे कई खतरनाक सवाल सर्च किए थे। इससे यह संकेत मिला है कि हत्या पूरी तरह से प्लान की गई थी।











