भोपाल में सजेगी सितारों की महफिल,एआर रहमान के साथ राम चरण, जाह्नवी कपूर और श्रुति हासन भी आएंगे

भोपाल एक बार फिर बड़े फिल्मी और म्यूजिकल आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान 23 मई को राजधानी भोपाल में लाइव परफॉर्म करेंगे। मौका होगा फिल्म 'पेद्दी' के मेगा म्यूजिकल इवेंट 'पेद्दी की आवाज' का, जिसे लेकर शहर में अभी से उत्साह का माहौल है। यह कार्यक्रम भेल दशहरा मैदान में आयोजित किया जाएगा और इसकी एंट्री पूरी तरह फ्री रखी गई है।
शाम 5 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम 23 मई की शाम 5 बजे शुरू होगा। खास बात यह है कि इसमें शामिल होने के लिए किसी टिकट की जरूरत नहीं होगी। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। संगीत प्रेमियों के लिए यह मौका खास माना जा रहा है, क्योंकि एआर रहमान लंबे समय बाद भोपाल में लाइव प्रस्तुति देने वाले हैं।
राम चरण और जाह्नवी कपूर भी रहेंगी मौजूद
पीआर टीम ने बताया कि "इस ग्रैंड इवेंट में फिल्म का बेहद प्रतीक्षित स्पेशल सॉग पूरी स्टारकास्ट की मौजूदगी में लांच किया जाएगा। इस गाने में राम चरण के साथ श्रुति हासन और जाह्नवी कपूर का शानदार अंदाज देखने को मिलेगा। बताया जा रहा है कि यह आयोजन फिल्म 'पेद्दी' के प्रमोशन का हिस्सा है, लेकिन इसे बड़े स्तर के लाइव म्यूजिक शो के रूप में तैयार किया गया है। बता दें कि फिल्म का तेलगु ट्रेलर पहले ही इंटरनेट पर 101 मिलियन से अधिक व्यूज के साथ नंबर-1 पर ट्रेंड कर रहा है, जिससे भोपाल में होने वाले इस इवेंट को लेकर फैंस का उत्साह दोगुना हो गया है।
भव्य शुरुआत के साथ नए विजन का अनावरण
फिल्म की पीआर टीम ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और पेद्दी के सफर को दर्शाने वाली विशेष डाक्यूमेंट्री से होगी। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि भोपाल के साथ पूरा मध्य प्रदेश के लिए बेहद अहम बाजार है और आने वाले समय में यहां आवश्यकता अनुसार विस्तार किया जाएगा। कंपनी का लक्ष्य अब इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर जैसे शहरों में भी इसी तरह के बड़े प्रमोशनल शो आयोजित करना है।"
भोपाल के युवाओं में बढ़ा क्रेज
फ्री एंट्री और बड़े सितारों की मौजूदगी के कारण शहर के युवाओं में इस कार्यक्रम को लेकर खासा क्रेज देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस इवेंट को लेकर लगातार चर्चा कर रहे हैं।












