छतरपुर:जंगल में भटके दो मासूमों के लिए देवदूत बनी पुलिस, 'ऑपरेशन मिलाप' के तहत परिजनों से सकुशल मिलाया

छतरपुर। बिजावर के ग्राम नयागांव में साप्ताहिक हाट बाजार के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक 8 वर्षीय और एक 6 वर्षीय सगे भाई अपने माता-पिता से बिछड़ गए। बाजार में भारी भीड़ के चलते दोनों बच्चे भटक गए, परिजनों ने बच्चों को काफी ढूंढा लेकिन वे नहीं मिले। इस दौरान परिजनों ने घबराकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जंगल में चलाया सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राहुल तिवारी ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना देर किए पुलिस टीम के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बच्चों के जंगल की ओर जाने की आशंका के आधार पर पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया।
ये भी पढ़ें: यात्रीगण कृपया ध्यान दें... गर्मी की छुट्टियों में रेलवे का बड़ा तोहफा, भोपाल से पुणे-मुंबई के लिए स्पेशल ट्रेनें
पुलिस ने बच्चों को सकुशल किया बरामद
पुलिस की मुस्तैदी का ही परिणाम रहा कि महज एक घंटे के भीतर दोनों मासूम भाइयों को जंगल से सुरक्षित ढूंढ लिया गया। इसके बाद पुलिस ने बच्चों को उनके घर पहुंचाकर परिजनों को सौंप दिया। बच्चों को सकुशल देखकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस का 'ऑपरेशन मिलाप'
छतरपुर पुलिस का 'ऑपरेशन मिलाप' लगातार सफलता हासिल कर रहा है। जनवरी 2026 से अब तक जिले में 65 से अधिक बिछड़े बच्चों को सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाया जा चुका है। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में थाना प्रभारी राहुल तिवारी, प्रधान आरक्षक ज्ञान सिंह और आरक्षक मयंक शुक्ला की अहम भूमिका रही।












