Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

नेपाल बॉर्डर से बिहार में घुसे जैश-ए-मोहम्मद के 3 आतंकी, पुलिस मुख्यालय ने जारी किया हाई अलर्ट

नेपाल बॉर्डर से बिहार में घुसे जैश-ए-मोहम्मद के 3 आतंकी, पुलिस मुख्यालय ने जारी किया हाई अलर्ट
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    पटना। विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में आतंकी खतरा मंडराने लगा है। पुलिस मुख्यालय (PHQ) को मिली खुफिया जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान के तीन आतंकी नेपाल बॉर्डर पार कर बिहार में दाखिल हो चुके हैं। इस इनपुट के बाद राज्य के सभी जिलों की पुलिस को सतर्क कर दिया गया है और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

    नेपाल से बिहार पहुंचे जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी

    खुफिया इनपुट के मुताबिक, ये आतंकी प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हुए हैं। तीनों आतंकियों की पहचान रावलपिंडी निवासी हसनैन अली, उमरकोट निवासी आदिल हुसैन और बहावलपुर निवासी मोहम्मद उस्मान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ये आतंकी अगस्त के दूसरे हफ्ते में काठमांडू पहुंचे थे और पिछले सप्ताह नेपाल सीमा पार करके बिहार में दाखिल हुए। आशंका है कि आतंकी अररिया जिले से भारत में घुसे हैं।

    आतंकी हमले की आशंका, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

    पुलिस मुख्यालय का मानना है कि इन आतंकियों का मकसद बिहार या देश के किसी भी हिस्से में आतंकी वारदात को अंजाम देना हो सकता है। विधानसभा चुनाव को देखते हुए खतरे को और गंभीर माना जा रहा है, क्योंकि आतंकी किसी बड़े राजनीतिक कार्यक्रम या भीड़भाड़ वाले आयोजन को निशाना बना सकते हैं। यही वजह है कि नेपाल से सटे सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संदिग्धों की तलाश में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिए गए हैं।

    सभी जिलों की पुलिस को अलर्ट जारी

    PHQ ने तीनों आतंकियों की तस्वीरें और पासपोर्ट डिटेल्स जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ साझा कर दी हैं। पुलिस कप्तानों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखें और खुफिया तंत्र को पूरी तरह सक्रिय रखें। किसी भी सुराग या संदिग्ध सूचना पर तुरंत कार्रवाई करने के आदेश जारी किए गए हैं।

    तीन महीने पहले भी हुई थी घुसपैठ

    यह पहला मौका नहीं है जब नेपाल बॉर्डर से संदिग्धों की एंट्री हुई हो। इसी साल मई में 20 दिनों के भीतर करीब 18 संदिग्ध बिहार में दाखिल हुए थे, जिनमें से एक खालिस्तानी आतंकी को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था। नेपाल से बिहार की 729 किलोमीटर लंबी सीमा सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts