खून से सना घर, मां और 3 बेटियों की हत्या और पति गायब… जयपुर की खौफनाक वारदात ने चौंकाया

राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करधनी थाना इलाके में एक मकान से एक महिला और उसकी तीन बेटियों के शव बरामद हुए हैं। मृतकों में आरोपी की पत्नी और उसकी तीन बेटियां शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में चारों की सिर पर वार कर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद मृतकों का पिता और महिला का पति राहुल झा फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
मां और तीन बेटियों के शव मिले
जानकारी के मुताबिक, तीनों बेटियों की उम्र करीब 17 से 24 साल के बीच बताई जा रही है। चारों के शव एक ही जगह पर मिले। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जानकारी के अनुसार महिला और उसकी तीन बेटियों की सोते समय सिर पर वार कर हत्या की गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।
दादा ने पिता के फरार होने की दी जानकारी
मौके पर पहुंचे डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि करधनी थाना इलाके के एक मकान में तीन बच्चियों और उनकी मां की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि बच्चियों के दादा के अनुसार, उनके पिता सुबह से ही फरार हैं। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल शुरुआती जांच में शक मृतकों के पिता पर जा रहा है। हालांकि, मामले की पूरी तस्वीर जांच और साक्ष्यों के सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
मौके से मिले खून से सने कपड़े
डीसीपी ने बताया कि घटनास्थल से खून से सने कपड़े भी मिले हैं। पुलिस अब CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्य जुटा रही है। इसके आधार पर घटना के पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
घरेलू विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला
पुलिस को शुरुआती जांच में मामला घरेलू कलह से जुड़ा होने का शक है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने यह भी बताया कि घर से किसी कीमती सामान के चोरी होने की जानकारी नहीं मिली है। ऐसे में लूट की आशंका फिलहाल सामने नहीं आई है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
चार लोगों की हत्या के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपी पति की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही CCTV फुटेज और दूसरे साक्ष्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल, पुलिस हत्या की वजह, घटनाक्रम और आरोपी की भूमिका को लेकर जांच आगे बढ़ा रही है।




















