Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

विदिशा:16 जुलाई को निकलेगी जगदीश स्वामी रथयात्रा, मानोरा मेले की तैयारियां तेज

विदिशा के मानोरा में 16 जुलाई को निकलने वाली जगदीश स्वामी रथयात्रा और तीन दिवसीय मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए CCTV, कंट्रोल रूम, अलग पार्किंग, ई-रिक्शा, स्वास्थ्य केंद्र, पेयजल और बिजली सहित व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
Follow on Google News
16 जुलाई को निकलेगी जगदीश स्वामी रथयात्रा, मानोरा मेले की तैयारियां तेज
विधायक टंडन बैठक लेते हुए

जिले के प्रसिद्ध जगदीश स्वामी मानोरा रथयात्रा और तीन दिवसीय मेले की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 16 जुलाई को निकलने वाली ऐतिहासिक रथयात्रा को लेकर प्रशासन, जनप्रतिनिधि और मेला समिति पूरी तरह सक्रिय हो गई है। 15 से 17 जुलाई तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल और बिजली जैसी सभी व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी सिलसिले में बुधवार को मानोरा स्थित एकीकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में विदिशा विधायक मुकेश टंडन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर अनिल डामोर, एसडीएम, पुलिस प्रशासन, विभिन्न विभागों के अधिकारी और मेला समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

श्रद्धालुओं की सुविधा रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता

बैठक में विधायक मुकेश टंडन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। पार्किंग, बिजली, पेयजल, दुकानें, सफाई, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पहले से ही पूरी तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन की गरिमा बनाए रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।

मंदिर में प्रवेश के लिए बनेंगे दो अस्थायी गेट

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस बार मानोरा मुख्य मंदिर में प्रवेश के लिए दो अस्थायी प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। साथ ही भगवान जगदीश स्वामी की रथयात्रा के मार्ग को पूरी तरह खाली रखने का निर्णय लिया गया है। रथ मार्ग के दोनों ओर किसी भी प्रकार की दुकान लगाने की अनुमति नहीं होगी जिससे रथयात्रा बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।

पूरे मेला परिसर पर CCTV की रहेगी नजर

मेले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी निगरानी पुलिस कंट्रोल रूम से की जाएगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल के साथ नगर पालिका और अन्य विभागों का भी सहयोग लिया जाएगा।

24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मानोरा स्कूल परिसर में पुलिस कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित रहेगा और पूरे मेले की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।

पार्किंग और ट्रैफिक की विशेष व्यवस्था

मेला अवधि में मुख्य मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। विदिशा और ग्यारसपुर की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग भी अलग-अलग स्थानों पर होगी। जरूरत पड़ने पर मुख्य सड़क के एक ओर चारपहिया और दूसरी ओर दोपहिया वाहनों की पार्किंग कराई जाएगी।

ये भी पढ़ें: मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड विवाद: मंदिरों का हवाला देकर सरकार पर बरसे जमीयत के सदर, बोले- जो अपनी धार्मिक संस्थाएं नहीं संभाल पा रहे, वे वक्फ की हिफाजत कैसे करेंगे?

सड़क पर सामान बेचने पर रहेगी रोक

मेले के दौरान सड़क पर घूम-घूमकर सामान बेचने वालों पर रोक रहेगी। व्यापारियों के लिए अलग से हॉकर जोन विकसित किए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष दल लगातार निगरानी करेंगे।

पेयजल, स्वास्थ्य और बिजली की रहेगी बेहतर व्यवस्था

श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर पानी के टैंकर लगाए जाएंगे। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को सभी हैंडपंप और नल-जल योजनाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। जल स्रोतों में क्लोरीन और ब्लीचिंग का छिड़काव भी कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग मेले में चार बिस्तरों का अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र, चिकित्सकों की टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था करेगा ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार मिल सके। वहीं ऊर्जा विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि मेले के दौरान बिजली की आपूर्ति निर्बाध बनी रहे। आवश्यक स्थानों पर जनरेटर की भी व्यवस्था की जाएगी।

ये भी पढ़ें: Breaking News : ड्रग्स कनेक्शन के मामले में पुलिस ने मप्र कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई को हिरासत में लिया

बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए ई-रिक्शा सुविधा

दिव्यांगजन, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर तक आने-जाने के लिए ई-रिक्शा सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा परिवहन विभाग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक वाहनों को परमिट जारी करेगा, ताकि आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन का कहना है कि इस वर्ष का मानोरा मेला पूरी तरह सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से सभी विभागों के बीच समन्वय के साथ तैयारियां की जा रही हैं। लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के इस आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है।

Ram Tiwari
By Ram Tiwari

Latest Posts