Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जबलपुर में दर्दनाक हादसा :पिकनिक मनाने गईं दो छात्राओं की पानी में डूबने से मौत, भदभदा स्पॉट से दो सहेलियां डरकर लौटीं घर

जबलपुर में 9वीं कक्षा की दो छात्राओं की पिकनिक के दौरान पानी में डूबने से मौत हो गई। चार सहेलियां स्कूल जाने के बहाने घर से निकलीं और सीधे भदभदा वॉटर फॉल पिकनिक स्पॉट पहुंच गईं। वहां घूमते समय श्रुति यादव और देवांशी कोरी का पैर फिसल गया, जिससे दोनों गहरे पानी में जा गिरीं। डर के कारण उनकी दो सहेलियां बिना किसी को बताए घर लौट आईं।
पिकनिक मनाने गईं दो छात्राओं की पानी में डूबने से मौत, भदभदा स्पॉट से दो सहेलियां डरकर लौटीं घर
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। पिकनिक मनाने गईं 9वीं कक्षा की दो छात्राएं पानी में डूब गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। यह घटना रांझी थाना क्षेत्र के भदभदा वॉटर फॉल पिकनिक स्पॉट की है। मृत छात्राओं की पहचान श्रुति यादव और देवांशी कोरी के रूप में हुई है, जो केंद्रीय विद्यालय खमरिया की छात्राएं थीं। बुधवार सुबह पुलिस ने दोनों के शव बरामद कर लिए।

    स्कूल से सीधे पहुंचीं पिकनिक स्पॉट

    जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को चार सहेलियां श्रुति यादव, देवांशी कोरी, प्रतिज्ञा ठाकुर और आयुषी सोनवारे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं। लेकिन स्कूल की जगह वे सीधे भदभदा फॉल पिकनिक स्पॉट पहुंच गईं। दिनभर वहां घूमने-फिरने के दौरान शाम के वक्त हादसा हो गया। पुलिस के मुताबिक, जब चारों छात्राएं फॉल के पास घूम रहीं थीं, तभी श्रुति और देवांशी का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में जा गिरीं। उस समय प्रतिज्ञा और आयुषी पास के एक अन्य हिस्से में थीं, उन्हें हादसे का पता नहीं चला।

    डर के कारण सहेलियां घर लौटीं

    काफी देर तक जब श्रुति और देवांशी नहीं दिखीं तो प्रतिज्ञा और आयुषी घबरा गईं। डर के कारण उन्होंने किसी को कुछ बताए बिना घर लौटने का फैसला किया। जब देर रात तक दोनों लापता छात्राएं घर नहीं पहुंचीं, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की और पुलिस को सूचना दी। रात में जब सहेलियों से पूछताछ की गई तो घटना का पूरा मामला सामने आया कि सभी छात्राएं स्कूल न जाकर पिकनिक स्पॉट गई थीं।

    गोताखोरों ने पानी से निकाले शव

    रांझी थाना पुलिस ने बुधवार सुबह गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान चलाया। लगभग 11:30 बजे श्रुति यादव का शव पत्थरों में फंसा मिला, जबकि दोपहर 1 बजे देवांशी कोरी का शव भी पानी से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

    एसआई मयंक यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह दुर्घटना प्रतीत हो रही है, हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं किसी तरह की कहासुनी या अन्य कारण तो नहीं थे।

    पुलिस जांच जारी, सदमे में सहेलियां 

    पुलिस के अनुसार, दोनों अन्य सहेलियां प्रतिज्ञा और आयुषी सदमे में हैं और बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। उनके मोबाइल लोकेशन और बयान के आधार पर घटना की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों छात्राओं की मौत हादसे से हुई या इसके पीछे कोई और वजह थी। 

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts