Itarsi News :इटारसी को अपराध मुक्त बनाने की मांग, SP से बोले- फिर शुरू हो होमगार्ड्स की तैनाती
इटारसी में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर मध्य प्रदेश मुस्लिम विकास परिषद ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। परिषद के जिला अध्यक्ष हाजी मोहम्मद अथर खान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नर्मदापुरम के पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा को ज्ञापन सौंपा।
विधायक के पुराने फॉर्मूले को फिर लागू करने की मांग
ज्ञापन में क्षेत्रीय विधायक डॉ. सीताशरन शर्मा के पुराने सुझाव को दोबारा लागू करने की मांग की गई। परिषद का कहना है कि पहले शहर के प्रमुख चौराहों, गलियों और संवेदनशील इलाकों में नगर सैनिक (होमगार्ड्स) तैनात रहते थे, जिससे अपराधों पर काफी हद तक नियंत्रण रहता था।
कैसे काम करती थी यह व्यवस्था?
नगर सैनिक अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करते थे और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते थे। किसी भी संदिग्ध घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी जाती थी। इससे पुलिस समय पर कार्रवाई कर पाती थी और कई अपराध होने से पहले ही रोक दिए जाते थे। परिषद का मानना है कि इस व्यवस्था के बंद होने के बाद असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़े हैं। इसलिए इसे फिर से शुरू किया जाना चाहिए।
एसपी ने दिया सकारात्मक आश्वासन
पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे और इस सुझाव पर भी विचार किया जाएगा।
भयमुक्त शहर बनाने की उम्मीद
मुस्लिम विकास परिषद का कहना है कि यदि नगर सैनिकों की दोबारा तैनाती होती है, तो इटारसी में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और नागरिकों को सुरक्षित एवं भयमुक्त माहौल मिल सकेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष हाजी मोहम्मद अथर खान, नगर अध्यक्ष हाजी शेख रमज़ान, शेख हमीद बाबू भाई, शेख साबिर, असलम भारती, शेख शकील, मोहम्मद आमिर सहित परिषद के कई सदस्य उपस्थित रहे।
(Edited By - Shivani Gupta)














