ईरान ने किया कन्फर्म…इजरायली हमले में मारे गए सिक्योरिटी चीफ अली लारिजानी, बेटे और बॉडीगार्ड्स की भी मौत

इजरायल के हवाई हमले में ईरान के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख अली लारिजानी की मौत हो गई। तेहरान के पास परदिस इलाके में उनकी बेटी के घर को निशाना बनाया गया। हमले में उनके बेटे, डिप्टी और कई बॉडीगार्ड्स भी मारे गए। इस घटना के बाद ईरान की सुरक्षा व्यवस्था और खुफिया तंत्र पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
Follow on Google News
इजरायली हमले में मारे गए सिक्योरिटी चीफ अली लारिजानी, बेटे और बॉडीगार्ड्स की भी मौत
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    तेहरान। मध्य-पूर्व में जारी भीषण युद्ध के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। इजरायल के हवाई हमले में ईरान के वरिष्ठ और प्रभावशाली नेता अली लारिजानी की मौत हो गई है। ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने बुधवार को आधिकारिक बयान जारी कर उनकी मौत की पुष्टि की।

    परिषद ने उन्हें इस्लामी गणराज्य का आजीवन सेवक बताते हुए कहा कि, सुबह के शुरुआती घंटों में हुए हमले में लारिजानी अपने बेटे, डिप्टी और कई अंगरक्षकों के साथ मारे गए। इस घटना के बाद पूरे ईरान में शोक की लहर दौड़ गई है। राजधानी तेहरान सहित कई शहरों में लोग सड़कों पर उतरकर अपने नेता को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

    बेटी के घर पर हुआ घातक हमला

    ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, यह हमला तेहरान के पास स्थित परदिस इलाके में किया गया। यह इलाका अब तक सुरक्षित रिहायशी क्षेत्र माना जाता था। हमले के समय अली लारिजानी अपनी बेटी के घर पर मौजूद थे। इजरायली हमले में उनका घर पूरी तरह निशाना बना और इसी दौरान उनकी मौत हो गई। हमले में लारिजानी के बेटे मोर्तेजा लारिजानी, उनके कार्यालय प्रमुख अलीरेजा बायात और कई बॉडीगार्ड्स भी मारे गए।

    ईरान की सुरक्षा परिषद ने अपने बयान में कहा कि, सुबह के शुरुआती घंटों में अली लारिजानी अपने बेटे मोर्तेजा, अलीरेजा बायात और कई अंगरक्षकों के साथ शहीद हो गए।

    यह भी पढ़ें: ईरान की पिंक मस्जिद: जहां सूरज की किरणें बिखेरती हैं रंगों का जादू

    इजरायल का बड़ा ऑपरेशन

    इस ऑपरेशन को अंजाम देकर इजरायल ने सीधे तौर पर ईरान के अंदर स्थित एक सुरक्षित माने जाने वाले रिहायशी इलाके को निशाना बनाया। इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने पहले ही संकेत दिया था कि, ईरान के कई वरिष्ठ नेताओं को इजरायली हमलों में खत्म कर दिया गया है। उन्होंने बयान देते हुए कहा कि, ये नेता बुराई की धुरी के साथ नरक की गहराइयों में जा चुके हैं।

    पूरे ईरान में शोक की लहर

    अली लारिजानी की मौत के बाद ईरान में लोगों का गुस्सा और दुख दोनों दिखाई दे रहा है। तेहरान समेत कई शहरों में लोग सड़कों पर उतर आए हैं और अपने नेता को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि, मैंने उनमें केवल परोपकार, दूरदर्शिता और भविष्य की सोच देखी। उनकी मृत्यु देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है। ईरानी मीडिया के अनुसार उनका अंतिम संस्कार बुधवार को किया जाएगा।

    Featured News

    ईरान की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

    इस हमले के बाद सबसे बड़ा सवाल ईरान की सुरक्षा व्यवस्था पर खड़ा हो गया है। जिस रिहायशी इलाके को पूरी तरह सुरक्षित माना जाता था, वहां इतनी सटीक जानकारी के आधार पर हमला होना ईरान की खुफिया प्रणाली के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। ईरान में लोग सवाल उठा रहे हैं कि, क्या देश के अंदर कोई गद्दार मौजूद हैं, जो इजरायल को सटीक लोकेशन की जानकारी दे रहे हैं। इतनी सटीक जानकारी बिना अंदरूनी मदद के संभव नहीं होती।

    कौन थे अली लारिजानी?

    67 वर्षीय अली लारिजानी ईरान की राजनीति और सुरक्षा व्यवस्था के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक थे। वे ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख थे और देश की परमाणु नीति तथा रक्षा रणनीतियों में उनकी अहम भूमिका थी। ईरान के सत्ता ढांचे में उन्हें एक मजबूत रणनीतिकार और अनुभवी नीति निर्माता माना जाता था।

    यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट तनाव: अमेरिकी बेस पर ड्रोन हमले का दावा, कतर ने हमले को किया नाकाम!

    खामेनेई के करीबी सहयोगी

    लारिजानी को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का करीबी सहयोगी माना जाता था। वे दशकों तक ईरान की परमाणु नीति और कूटनीतिक रणनीतियों में केंद्रीय भूमिका निभाते रहे। खामेनेई की मौत के बाद उन्हें ईरान के नेतृत्व के संभावित दावेदारों में भी माना जा रहा था।

    राजनीति में लंबा अनुभव

    अली लारिजानी का परिवार दशकों से ईरान की राजनीति में प्रभावशाली रहा है। तेहरान यूनिवर्सिटी से पश्चिमी दर्शनशास्त्र में पीएचडी करने के बाद उन्होंने कई अहम पदों पर काम किया। उनके राजनीतिक करियर की प्रमुख उपलब्धियां इस प्रकार हैं-

    • ईरान के सरकारी प्रसारक IRIB के प्रमुख
    • ईरान की संसद के स्पीकर
    • राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख
    • परमाणु नीति और रक्षा रणनीति के मुख्य समन्वयक

    कूटनीति के क्षेत्र में भी वे काफी सक्रिय रहे और खाड़ी देशों के साथ बातचीत में उन्होंने अहम भूमिका निभाई।

    Breaking News

    अमेरिका ने भी लगाए थे प्रतिबंध

    हाल ही में कुछ सालों से अली लारिजानी विवादों में भी रहे। दिसंबर में हुए विरोध प्रदर्शनों को दबाने में उनकी भूमिका को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना हुई थी। अमेरिका ने जनवरी में उन पर प्रतिबंध लगाते हुए आरोप लगाया था कि उन्होंने ईरानी जनता को हिंसक तरीके से दबाने में भूमिका निभाई।

    ईरान-इजरायल युद्ध की पृष्ठभूमि

    मध्य-पूर्व में युद्ध की स्थिति तब और गंभीर हो गई जब 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की भी मौत हो गई थी। खामेनेई 1989 से ईरान के सर्वोच्च नेता थे और उनकी मौत ने पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ा दिया। इसके बाद ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिका और इजरायल के ठिकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया।

    ईरान की सेना लगातार इजरायल की ओर मिसाइलें दाग रही है। इन हमलों के कारण इजरायल को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है। यह संघर्ष अब क्षेत्रीय युद्ध का रूप ले चुका है और इसके असर पूरी दुनिया पर पड़ सकते हैं।

    यह भी पढ़ें: अमेरिका दुनिया का सबसे मजबूत राष्ट्र : हमारी सेना दुनियाभर में अव्वल, होर्मुज पर साथ न देने पर सहयोगियों पर भड़के ट्रंप

    नेतृत्व संकट और बढ़ सकता है

    अली लारिजानी की हत्या ईरान के लिए बड़ा राजनीतिक और रणनीतिक झटका है। वे ईरानी शासन की नीतियों को तय करने वाले प्रमुख नेताओं में से एक थे। उनकी मौत से ईरान के नेतृत्व में और अधिक अस्थिरता आ सकती है और इससे युद्ध की दिशा भी प्रभावित हो सकती है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts