उत्तराखंड विवाद के बाद दलेर मेहंदी का पहला इमोशनल पोस्ट, फैंस और परिवार को कहा शुक्रिया; मीका सिंह को बताया ताकत

पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी ने उत्तराखंड के मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में अपनी प्रस्तुति को लेकर हुए विवाद पर आखिरकार चुप्पी तोड़ दी है। दिवाली के खास मौके पर दलेर मेहंदी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने फैंस, परिवार और म्यूजिक इंडस्ट्री का दिल से शुक्रिया अदा किया। सिंगर ने बताया कि मुश्किल समय में जिस तरह लोगों ने उनका साथ दिया और उन पर भरोसा जताया, उसने उनका दिल छू लिया। इस पोस्ट में उन्होंने अपने भाई मीका सिंह को भी अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया।
दिवाली पर दलेर मेहंदी ने शेयर किया इमोशनल पोस्ट
दलेर मेहंदी ने दिवाली के मौके पर अपने प्रशंसकों के लिए एक खास संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में उन्हें अपने संगीत और हर मंच पर शानदार प्यार मिला है, लेकिन हाल के दिनों में लोगों से मिला समर्थन उनके लिए बेहद खास रहा। सिंगर ने अपने पोस्ट में लिखा कि लोगों के प्यार और समर्थन को शब्दों में बयां करना उनके लिए मुश्किल है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने प्रशंसकों के संदेश पढ़े, उनकी बातें सुनीं और उनकी प्रार्थनाओं को महसूस किया है। दलेर मेहंदी ने कहा कि लोगों ने जिस तरह उनके साथ खड़े होकर भरोसा जताया, उसके लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे। उन्होंने इस प्यार को अपने जीवन का बेहद भावुक अनुभव बताया।
मीका सिंह को बताया मजबूत ढाल, परिवार का भी किया जिक्र
अपने भावुक पोस्ट में दलेर मेहंदी ने परिवार को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने खास तौर पर अपने छोटे भाई और सिंगर मीका सिंह का जिक्र किया। दलेर ने लिखा कि मुश्किल समय में उनके भाई मीका एक मजबूत ढाल बनकर उनके साथ खड़े रहे। इसके अलावा उन्होंने अपनी पत्नी तरन, गुरदीप और अपनी बेटियों रबाब, अजीत और प्रभजोत का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी ने साहस और अटूट विश्वास के साथ उनका साथ दिया। वहीं, गुरदीप ने समझदारी और धैर्य दिखाया और बेटियों ने अपने निस्वार्थ प्यार से उन्हें हिम्मत दी।सिंगर के मुताबिक, परिवार के इन सभी सदस्यों ने अलग-अलग तरीके से उनका साथ निभाया। वह खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि मुश्किल वक्त में उनके अपने उनके साथ खड़े रहे।
सीएम धामी ने दलेर मेहंदी से फोन पर की बात, बोले- घटना को पीछे छोड़ आगे बढ़ा जाए
म्यूजिक इंडस्ट्री और फैंस को कहा धन्यवाद
दलेर मेहंदी ने केवल अपने परिवार को ही नहीं, बल्कि पूरी म्यूजिक और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भारत के अलग-अलग हिस्सों से लोगों ने उनसे संपर्क किया और अपना प्यार, विश्वास और सम्मान जताया। उन्होंने अपने प्रशंसकों के साथ उन सभी लोगों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने मुश्किल समय में उनका समर्थन किया। उन्होंने 'इक ओंकार' की भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि हम सभी एक हैं और प्यार व सम्मान के बंधन से जुड़े हुए हैं।
'परिवार सिर्फ खून के रिश्ते नहीं होते'
दलेर मेहंदी ने अपने पोस्ट में परिवार को लेकर भी एक भावुक बात कही। उन्होंने लिखा कि परिवार का मतलब केवल वे लोग नहीं हैं, जिनके घर में हमारा जन्म हुआ है, बल्कि वे लोग भी परिवार होते हैं, जो जरूरत के समय हमारे साथ खड़े रहते हैं। सिंगर ने कहा कि हाल के अनुभव ने उन्हें इस बात का महत्व पहले से कहीं ज्यादा गहराई से समझाया है। उन्होंने यह भी बताया कि अक्सर किसी कलाकार के सफर और उसके प्रभाव की चर्चा तब होती है, जब वह खुद उसे सुनने के लिए मौजूद नहीं रहता। लेकिन वह खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि उन्हें अपने जीवनकाल में ही लोगों का इतना प्यार देखने और महसूस करने का मौका मिला।
'हर संदेश का जवाब नहीं दिया, लेकिन सबको महसूस किया'
अपने प्रशंसकों के प्रति आभार जताते हुए दलेर मेहंदी ने कहा कि हो सकता है कि वह हर संदेश या हर व्यक्ति की बात का जवाब नहीं दे पाए हों, लेकिन उन्होंने सभी के प्यार और समर्थन को महसूस किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों की ओर से दिखाए गए स्नेह को वह कभी नहीं भूलेंगे।
क्या है दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के मंत्री के बीच विवाद?
दरअसल, दलेर मेहंदी से जुड़ा विवाद अक्टूबर में उत्तराखंड के मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में उनकी प्रस्तुति के दौरान शुरू हुआ था। कार्यक्रम के दौरान विधायक सुबोध उनियाल ने उनका शो रुकवा दिया था। मंत्री ने दलेर मेहंदी पर नशे की हालत में प्रस्तुति देने का आरोप लगाया था। साथ ही उन्होंने कहा था कि सिंगर लाइव गाने के बजाय लिप-सिंक कर रहे थे। इस घटना के बाद मामला काफी चर्चा में आ गया। दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह ने भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी और अपने भाई का समर्थन किया। उन्होंने मंत्री सुबोध उनियाल पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्हें खरी-खोटी सुनाई थी। विवाद बढ़ने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दलेर मेहंदी से बातचीत की थी।



















