दिल्ली की हवा कितनी जहरीली? क्या होता है AQI, कैसे होती है इसकी गणना, जानें क्यों लगाया जाता है GRAP-3

AQI क्या है और इससे हवा की हालत कैसे पता चलती है?
0 से 500 तक होता है AQI का स्तर
हवा में मौजूद 8 चीजों से तय होता है AQI
AQI की गणना हवा में मौजूद 8 तरह के प्रदूषकों के आधार पर की जाती है। इनमें PM2.5, PM10, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (NO2), सल्फर डाइऑक्साइड (SO2), कार्बन मोनोऑक्साइड (CO), ओजोन (O3), अमोनिया (NH3) और लेड (सीसा) शामिल हैं।इन सभी चीजों की मात्रा हवा में मापी जाती है। हर प्रदूषक का अलग-अलग स्कोर निकाला जाता है। इसके बाद जिस प्रदूषक का स्कोर सबसे ज्यादा होता है, वही शहर का कुल AQI तय करता है। हालांकि, AQI निकालने के लिए कम से कम तीन प्रदूषकों का आंकड़ा होना जरूरी है। इनमें PM2.5 या PM10 में से किसी एक का आंकड़ा होना भी जरूरी है।
PM2.5 और PM10 क्यों हैं खतरनाक?
PM2.5 और PM10 हवा में मौजूद धूल और धुएं के छोटे कण होते हैं। PM10 के कण छोटे होते हैं, जबकि PM2.5 के कण उनसे भी बहुत छोटे होते हैं। PM2.5 आसानी से सांस के साथ फेफड़ों के अंदर तक पहुंच सकता है। इन कणों के ज्यादा संपर्क में रहने से खांसी, सांस लेने में परेशानी और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां हो सकती हैं। अस्थमा और दिल की बीमारी से परेशान लोगों को इसका ज्यादा खतरा रहता है। यही वजह है कि हवा में इन कणों की मात्रा बढ़ने पर AQI भी खराब हो सकता है।
क्या है GRAP-3 और क्यों लगाया जाता है?
GRAP का पूरा नाम ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान है। यह दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए बनाया गया नियमों का एक प्लान है। इसके तहत हवा की हालत बिगड़ने पर सरकार अलग-अलग स्तर पर पाबंदियां लगाती है। GRAP के चार चरण होते हैं। पहले चरण में खराब, दूसरे में बहुत खराब, तीसरे में गंभीर और चौथे में बेहद गंभीर प्रदूषण की स्थिति के लिए कदम उठाए जाते हैं। संशोधित नियमों के अनुसार, GRAP-3 दिल्ली के AQI के 401 से 450 के बीच पहुंचने पर लागू होने वाली श्रेणी है। हालांकि, मौसम और प्रदूषण के अनुमान को देखते हुए इसे पहले भी लागू किया जा सकता है।
GRAP-3 लागू होने पर क्या-क्या बदलता है?
GRAP-3 लागू होने पर दिल्ली-NCR में कई तरह की पाबंदियां लगाई जाती हैं। इसके तहत जरूरी कामों को छोड़कर कई निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़े कामों पर रोक लगाई जाती है। सड़कों पर धूल कम करने के लिए पानी का छिड़काव और सफाई बढ़ाई जाती है। इसके अलावा पुराने BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल चार पहिया वाहनों के चलने पर भी रोक लगाई जा सकती है। स्कूलों में छोटी कक्षाओं के लिए ऑनलाइन या हाइब्रिड पढ़ाई का फैसला भी लिया जा सकता है। इन नियमों का मकसद प्रदूषण को और बढ़ने से रोकना है।
अपने शहर का AQI कहां चेक करें?
आप मोबाइल से भी अपने शहर की हवा का हाल जान सकते हैं। इसके लिए CPCB की आधिकारिक वेबसाइट और SAMEER ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। यहां अलग-अलग शहरों और मॉनिटरिंग स्टेशनों के AQI की जानकारी मिलती है।
पंजाब में दिवाली पर पराली जलाने का टूटा रिकॉर्ड, एक दिन में 1,152 जगह लगी आग; संगरूर सबसे आगे
ज्यादा प्रदूषण होने पर कैसे रखें अपना ध्यान?
जब AQI बहुत खराब या गंभीर श्रेणी में हो, तो सुबह और शाम बाहर दौड़ने या एक्सरसाइज करने से बचें। जरूरत पड़ने पर घर से बाहर निकलते समय N95 मास्क पहनें। बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारी से परेशान लोगों को ज्यादा सावधानी रखनी चाहिए। घर की खिड़कियां उस समय बंद रखें, जब बाहर प्रदूषण ज्यादा हो। अगर सांस लेने में परेशानी, लगातार खांसी या सीने में दर्द हो तो डॉक्टर से सलाह लें।




















