पानी संकट:रहवासियों ने हाइड्रेंट तोड़ा; टैंकर चालकों से विवाद

इंदौर में बढ़ती पानी की समस्या को लेकर रविवार को वार्ड-37 के रहवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। तपेश्वरी बाग पानी टंकी पर आयोजित बैठक के दौरान हालात इतने बिगड़ गए कि नाराज लोगों ने नगर निगम के हाइड्रेंट को नुकसान पहुंचा दिया और टैंकर चालकों से भी विवाद करने लगे। सूचना मिलने पर खजराना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार वार्ड-37 में लंबे समय से पानी के कम प्रेशर और अनियमित सप्लाई को लेकर रहवासी परेशान हैं। इसी समस्या को लेकर पार्षद पति महेश जोशी ने नगर निगम अधिकारियों और रहवासियों की संयुक्त बैठक बुलाई थी, ताकि लोग सीधे अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रख सकें।रविवार होने के कारण बड़ी संख्या में रहवासी बैठक में पहुंचे। शुरुआत में लोगों ने पानी संकट को लेकर अधिकारियों के सामने अपनी शिकायतें रखीं, लेकिन समाधान को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर माहौल गर्मा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के मौके से जाने के बाद कुछ रहवासियों ने टंकी परिसर के बाहर लगे हाइड्रेंट को नुकसान पहुंचा दिया। इसके साथ ही नगर निगम के अस्थायी टैंकर चालकों के साथ भी अभद्रता की गई। कुछ लोग मारपीट करने तक उतारू हो गए थे।घटना की सूचना मिलने पर खजराना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई।
पूरे मामले पर महेश जोशी ने कहा कि वार्ड में लगातार पानी की शिकायतें मिल रही थीं। कई इलाकों में कम प्रेशर के कारण लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। इसी वजह से निगम अधिकारियों के साथ आमने-सामने चर्चा आयोजित की गई थी।उन्होंने कहा कि समस्या का समाधान बातचीत से होना चाहिए, लेकिन कुछ लोगों ने आक्रोश में आकर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और टैंकर चालकों से अभद्र व्यवहार किया, जो गलत है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर के कई वार्डों में पानी की समस्या बनी हुई है और टैंकरों के माध्यम से लगातार सप्लाई करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि इस तरह की घटनाएं व्यवस्था को और प्रभावित करती हैं।

तपेश्वरी बाग पानी टंकी पर पानी की समस्या को लेकर रविवार दोपहर जमकर हंगामा हुआ। घटना दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है, जब बड़ी संख्या में रहवासी पानी संकट से नाराज होकर टंकी परिसर पहुंच गए। जानकारी के अनुसार आक्रोशित लोगों ने नगर निगम के पानी टैंकर चालकों की गाड़ियों की चाबियां निकाल लीं और कई चालकों के साथ विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि कुछ टैंकर चालकों के मोबाइल भी छीन लिए गए थे। घटना के बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
नगर निगम अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक समझाइश दी। करीब चार घंटे बाद मामला शांत हुआ और छीने गए मोबाइल वीडियो डिलीट करने के बाद वापस लौटाए गए। घटना की जानकारी मिलने पर खजराना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद नगर निगम अधिकारियों ने पूरे मामले को लेकर खजराना थाने में शिकायत आवेदन सौंप दिया है। सूत्रों के अनुसार पुलिस सोमवार को तोड़फोड़, अभद्रता और विवाद को लेकर संबंधित लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर सकती है।












