इंदौर में रील का झांसा देकर 10 लाख पर हाथ साफ! ज्वैलर्स मैनेजर को बातों में उलझाकर पुरानी परिचित युवती फरार

इंदौर- सराफा बाजार में एक ज्वैलर्स फर्म के मैनेजर के साथ 10 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बैंक में शोरूम का कलेक्शन जमा कराने जा रहे मैनेजर को उनकी पुरानी परिचित युवती ने इंस्टाग्राम रील बनाने और पैसों के साथ फोटो खिंचवाने के बहाने अपने झांसे में लिया। पहले युवती ने मैनेजर को बातों में उलझाया, फिर अपनी एक्टिवा की डिग्गी में 10 लाख रुपए रखवा लिए। इसके बाद वह घर जाने का बहाना बनाकर एक्टिवा लेकर वहां से निकल गई और वापस नहीं लौटी। काफी देर तक इंतजार करने और संपर्क नहीं होने पर मैनेजर को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ। मामले में एमजी रोड थाना पुलिस ने युवती के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सांवेरवाला ज्वैलर्स में मैनेजर के पद पर कार्यरत
पुलिस के अनुसार, फरियादी अंकित उपाध्याय सराफा बाजार स्थित सांवेरवाला ज्वैलर्स में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। 8 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजे वे शोरूम का 10 लाख रुपए का कलेक्शन बैंक में जमा कराने के लिए मोपेड से निकले थे। रकम जमा कराने के लिए वे डीआरपी लाइन के पास स्थित भारतीय स्टेट बैंक के गेट पर पहुंचे। इसी दौरान उनकी मुलाकात पुरानी परिचित आयुषी बागदे उर्फ आयुषी वर्मा से हो गई। अचानक हुई इस मुलाकात के दौरान युवती ने अंकित से बातचीत शुरू की और उन्हें फोटो खिंचवाने तथा इंस्टाग्राम के लिए रील बनाने की बात कही।
पैसों के साथ उनके फोटो खिंचवाना चाहती है
आरोप है कि युवती ने अंकित से कहा कि वे अक्सर बड़ी रकम बैंक में जमा कराने जाते हैं, इसलिए वह आज पैसों के साथ उनके फोटो खिंचवाना चाहती है और इंस्टाग्राम के लिए एक रील बनाना चाहती है। अंकित ने शुरुआत में युवती के इस प्रस्ताव को साफ तौर पर मना कर दिया। हालांकि, युवती लगातार उनसे आग्रह करती रही। बार-बार जिद करने और कसम देने के बाद अंकित उसकी बातों में आ गए। इसके बाद वे युवती के साथ स्नेहलतागंज स्थित उसके घर के पास जाने के लिए तैयार हो गए। पुरानी पहचान होने के कारण अंकित को युवती की बातों पर संदेह नहीं हुआ।
एक्टिवा की डिग्गी में रख दो
स्नेहलतागंज में युवती के घर के पास पहुंचने के बाद घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया। आरोप है कि युवती ने रील शूट करने के लिए अंकित से कहा कि वे 10 लाख रुपए उसकी एक्टिवा की डिग्गी में रख दें। उसने भरोसा दिलाया कि वीडियो शूट पूरा होते ही वह पूरी रकम वापस लौटा देगी। युवती पहले से परिचित थी, इसलिए अंकित ने उसकी बात पर भरोसा कर लिया और शोरूम के कलेक्शन की पूरी रकम उसकी एक्टिवा की डिग्गी में रखवा दी। इसी भरोसे का फायदा उठाकर युवती ने रकम अपने कब्जे में ले ली।
घर जाने का बहाना बनाया
रकम डिग्गी में रखवाने के बाद युवती ने घर जाने का बहाना बनाया और एक्टिवा लेकर वहां से रवाना हो गई। अंकित को उम्मीद थी कि वह कुछ देर में वापस लौट आएगी और रील शूट करने के बाद रकम उन्हें लौटा देगी, लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद युवती वापस नहीं आई। जब उससे संपर्क करने की कोशिश की गई तो भी बात नहीं हो सकी। इसके बाद अंकित को संदेह हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। शोरूम के कलेक्शन के 10 लाख रुपए गायब होने से परेशान मैनेजर ने तत्काल अपने शोरूम मालिक को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
बैंक के बाहर पुरानी परिचित से मुलाकात
घटना की जानकारी देने के बाद अंकित एमजी रोड थाने पहुंचे और थाना प्रभारी विजय सिसौदिया को मामले से अवगत कराया। उन्होंने पुलिस को बताया कि किस तरह बैंक के बाहर पुरानी परिचित से मुलाकात हुई और इंस्टाग्राम रील बनाने के बहाने उन्हें स्नेहलतागंज तक ले जाया गया। वहां युवती ने भरोसा दिलाकर रकम एक्टिवा की डिग्गी में रखवाई और फिर पैसे लेकर चली गई। पुलिस ने फरियादी की शिकायत के आधार पर आयुषी बागदे उर्फ आयुषी वर्मा के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवती के संबंध में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों के आधार पर की जाएगी।




















