500 रूपए में गैस सिलेंडर, साल में 12 का लाभ! हरियाणा की महिलाओं को ऐसे मिलेगी राहत

चंडीगढ़। रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के बीच हरियाणा सरकार की हर घर-हर गृहिणी योजना पात्र परिवारों के लिए राहत का जरिया बनी हुई है। इस योजना के तहत तय नियमों को पूरा करने वाले परिवारों को घरेलू एलपीजी सिलेंडर 500 रूपए की प्रभावी कीमत पर उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसमें गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों और अंत्योदय अन्न योजना के लाभार्थियों को शामिल किया गया है। योजना का फायदा लेने के लिए पंजीकरण जरूरी है। इच्छुक महिलाएं आधिकारिक पोर्टल पर जानकारी देखकर अपनी पात्रता जांच सकती हैं और आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकती हैं।
साल में मिल सकते हैं 12 सिलेंडर
हर घर-हर गृहिणी योजना हरियाणा सरकार की योजना है। इसके तहत पात्र परिवार एक साल में अधिकतम 12 गैस सिलेंडर का लाभ ले सकते हैं। सिलेंडर की बाजार कीमत और 500 रूपए के बीच की पात्र राशि सब्सिडी के रूप में लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है। यह लाभ तय शर्तों और पंजीकरण के आधार पर मिलता है।
किन परिवारों को मिलेगा योजना का लाभ?
इस योजना के लिए हरियाणा का निवासी होना और निर्धारित पात्रता पूरी करना जरूरी है। बीपीएल राशन कार्ड, अंत्योदय अन्न योजना (AAY) कार्ड और पात्र एलपीजी कनेक्शन से जुड़ी शर्तें लागू हो सकती हैं। परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, राशन कार्ड, गैस कनेक्शन की जानकारी और बैंक खाते का विवरण आवेदन के समय काम आ सकते हैं। आवेदन से पहले पोर्टल पर मौजूदा नियम जरूर जांचें।
घर बैठे ऐसे करें आवेदन
योजना के लिए पंजीकरण करने के लिए हरियाणा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के पोर्टल पर जाएं। वहां हर घर-हर गृहिणी योजना से जुड़ा विकल्प खोलकर मांगी गई जानकारी भरें और जरूरी विवरण जमा करें। जिन महिलाओं को ऑनलाइन आवेदन में परेशानी हो, वे नजदीकी सीएससी या संबंधित गैस एजेंसी से मदद ले सकती हैं। आवेदन के बाद पंजीकरण और लाभ की स्थिति जांचते रहें।
ज्ञानेश कुमार को लेकर मोदी सरकार पर क्यों भड़के अभिजीत दीपके? दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
सब्सिडी नहीं मिले तो कहां करें शिकायत?
यदि पात्र होने के बावजूद सब्सिडी खाते में नहीं आई है, तो पहले अपने पंजीकरण, गैस रिफिल और बैंक खाते की जानकारी जांचें। इसके बाद हरियाणा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की वेबसाइट या नजदीकी विभागीय कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। सहायता के लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए मौजूदा संपर्क नंबरों का ही इस्तेमाल करें।




















