होलकर साइंस कॉलेज में फिर गरमाया माहौल: करणी सेना और ABVP कार्यकर्ता आमने-सामने, पुलिस ने संभाला मोर्चा

इंदौर। होलकर साइंस कॉलेज में गणपति विसर्जन समारोह के दौरान हुए विवाद के बाद सोमवार को एक बार फिर माहौल तनावपूर्ण हो गया। कॉलेज परिसर में करणी सेना और ABVP से जुड़े कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की। विवाद की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल कॉलेज परिसर पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को शांत कराया। एहतियात के तौर पर कॉलेज परिसर में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
गणपति विसर्जन के दौरान हुआ था विवाद
दरअसल, गणपति विसर्जन चल समारोह के दौरान कॉलेज में दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि बहस के बाद मामला पार्किंग एरिया तक पहुंच गया, जहां बेल्ट और डंडों से मारपीट हुई। इसके बाद विवाद कंप्यूटर लैब तक पहुंचने की बात सामने आई थी। घटना में BSc और MSc के कुछ छात्रों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।
कॉलेज ने छात्रों को किया था निलंबित
विवाद बढ़ने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने अनुशासन समिति की बैठक बुलाई थी। इसके बाद कुछ छात्रों को निलंबित किया गया। निलंबन अवधि के दौरान इन छात्रों के कॉलेज परिसर में प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है।
आज फिर आमने-सामने आए दोनों पक्ष
पिछली घटना के बाद सोमवार को दोनों पक्ष एक बार फिर कॉलेज परिसर में आमने-सामने आ गए। दोनों संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की। इससे कुछ देर के लिए कॉलेज परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग किया। फिलहाल, पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में है। पूरे मामले को लेकर कॉलेज प्रबंधन और पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।



















