इंदौर में गोरिल्ला ने संभाली ट्रैफिक की कमान:इशारों में सिखाए यातायात के नियम

इंदौर पुलिस की अनोखी पहल ने खींचा लोगों का ध्यान, हेलमेट-सीट बेल्ट से लेकर स्टॉप लाइन और रॉन्ग साइड को लेकर किया जागरूक
इंदौर में गोरिल्ला ने संभाली ट्रैफिक की कमान:इशारों में सिखाए यातायात के नियम
गोरिल्ला ने संभाला ट्रैफिक

इंदौर - इंदौर में यातायात नियमों के पालन के लिए पुलिस लगातार नए तरीके अपना रही है। इसी कड़ी में पलासिया चौराहे पर पुलिस ने अनोखा जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान गोरिल्ला का किरदार निभा रहे व्यक्ति ने चौराहे पर ट्रैफिक संभालते हुए वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया। गोरिल्ला को ट्रैफिक संभालते देख चौराहे से गुजर रहे लोगों की भीड़ का ध्यान भी इस ओर खिंच गया।

 

गोरिल्ला ने इशारों में समझाए नियम

अभियान के दौरान यातायात पुलिस और एनसीसी कैडेट्स भी मौजूद रहे। गोरिल्ला ने जेब्रा क्रॉसिंग पर स्टॉप लाइन से आगे खड़े वाहन चालकों को इशारे से पीछे हटने के लिए कहा। वाहन चालकों ने भी संकेत समझते हुए अपने वाहन स्टॉप लाइन के पीछे कर लिए। रॉन्ग साइड से आने वाले वाहन चालकों को सही दिशा में चलने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने का संदेश दिया गया।

 

बुजुर्गों को सड़क पार कराने में भी की मदद

गोरिल्ला कैरेक्टर ने सिर्फ वाहन चालकों को ही नियमों का संदेश नहीं दिया, बल्कि पैदल यात्रियों और बुजुर्गों की सुरक्षित सड़क पार करने में भी मदद की। चौराहे पर मौजूद बच्चों और आम लोगों के लिए यह पहल आकर्षण का केंद्र बनी रही। लोगों ने गोरिल्ला के साथ फोटो और वीडियो भी बनाए। यातायात जागरूकता के इस अलग अंदाज को लोगों ने पसंद किया और पुलिस के प्रयास की सराहना की।

डर नहीं, जिम्मेदारी से नियम पालन का संदेश

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यातायात नियमों का पालन केवल कार्रवाई के डर से नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी समझकर होना चाहिए। इसी उद्देश्य से जागरूकता अभियानों में नए और रचनात्मक तरीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...

Latest Posts