मध्यप्रदेश में नि:शुल्क रजिस्ट्री योजना का शुभारंभ, 50 लाख लोगों को मिलेगा मलिकाना हक; सीएम बोले- आज गांव में होगी होली-दीवाली

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में आज दीवाली-दशहरा और होली जैसे त्योहार मनाए जाएंगे, क्योंकि सरकार ने 50 लाख संपत्तियों की फ्री रजिस्ट्री शुरू कर दी है। सरकार के अनुसार पात्र हितग्राहियों से स्टाम्प ड्यूटी और पंजीयन शुल्क नहीं लिया जाएगा और इसका खर्च सरकार उठाएगी। स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण आबादी भूमि का ड्रोन सर्वे कर संपत्ति अधिकारों का रिकॉर्ड तैयार किया गया है और अब पात्र संपत्तियों की पंजीकृत डीड बांटने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
आत्मसम्मान से जीने का हक मिला-नितिन नवीन
नितिन नवीन ने कहा कि माता अहिल्या के शासन के जनहित को आत्मसात करते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने महिलाओं, मजदूरों और ग्रामीणों के लिए बड़ा काम किया है। उन्होंने कहा कि यह केवल संपत्ति की रक्षा का विषय नहीं है, बल्कि बड़ी आबादी को आत्मसम्मान से जीने का हक मिला है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो प्रयास किया, उसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश में जमीन पर उतारा है।
'ग्रामीण इलाकों में आज मनेंगे त्योहार'
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज मध्य प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में दीवाली-दशहरा और होली जैसे सभी त्योहार मनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ने ग्रामीण इलाकों में 50 लाख संपत्तियों का निष्पादन करते हुए फ्री रजिस्ट्री देने की शुरुआत कर दी है। आज से पटवारियों के माध्यम से घर-घर जाकर फ्री रजिस्ट्री का काम शुरू किया जा रहा है, जो 17 अक्टूबर तक चलेगा।
ड्रोन सर्वे से तैयार हुआ संपत्ति अधिकारों का रिकॉर्ड
स्वामित्व योजना के तहत गांवों की आबादी भूमि का ड्रोन सर्वे कर वहां रहने वाले लोगों के संपत्ति संबंधी अधिकारों का रिकॉर्ड तैयार किया गया है। अब सरकार इसी रिकॉर्ड में दर्ज पात्र संपत्तियों की पंजीकृत डीड बांटने की प्रक्रिया शुरू कर रही है। खास बात यह है कि हितग्राहियों से स्टाम्प ड्यूटी और पंजीयन शुल्क नहीं लिया जाएगा, जिसका खर्च सरकार खुद उठाएगी। राज्य में अब तक 68.11 लाख अधिकार अभिलेख तैयार किए जा चुके हैं, जिनमें 48.32 लाख निजी संपत्तियां शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: कॉकरोच बनेगा ‘रेस्क्यू एजेंट’! मलबे में दबे लोगों को खोजेंगे साइबॉर्ग कीड़े, जरूरत पड़ने पर देंगे दवा
एयरपोर्ट से गांधीनगर तक निकला रोड शो
नितिन नवीन एयरपोर्ट से गांधीनगर तक करीब 5 किलोमीटर का रोड शो करते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इसके लिए एयरपोर्ट से सुपर कॉरिडोर जाने वाला रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया था और हर 10 फीट की दूरी पर एक स्वागत स्टेज बनाया गया था, जहां विधानसभा वार राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया गया।
50 लाख से अधिक लोगों को मिलेगा लाभ
नितिन नवीन ने कहा कि एक साथ 50 लाख लोगों को जमीन-जायदाद का मालिकाना हक दिया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनकी टीम को इसके लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि एक समय देश की सीमा के गांवों को अंतिम गांव मानकर छोड़ दिया जाता था, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की है और देश स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ रहा है। नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन का जिक्र करते हुए कहा कि देशभर के लोग आशीर्वाद का दिया जलाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के 4 करोड़ लोगों को घर, 10 करोड़ महिलाओं को उज्ज्वला गैस और 10 करोड़ लोगों को खदान योजना से जोड़ा है। उन्होंने विपक्ष से सवाल करते हुए कहा कि अगर पूर्ववर्ती सरकारों ने ऐसे काम किए होते तो धारा 370 हटाने की जरूरत नहीं पड़ती। नितिन नवीन ने कहा कि वे देश को बांटने की सोच रखते थे, जबकि आज देश स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ रहा है।




















