“कॉकरोच जनता पार्टी” के नाम पर साइबर ठगी:एक क्लिक में की पूरी बचत साफ

इंदौर में फिशिंग लिंक से ठगी का नया मामला, पीएम आवास योजना और पार्टी जॉइन कराने का झांसा देकर मोबाइल हैक; साइबर एक्सपर्ट ने जारी की चेतावनी।
Follow on Google News
एक क्लिक में की पूरी बचत साफ
प्रतीकात्मक चित्र

इंदौर में साइबर ठगों ने अब इंटरनेट पर ट्रेंड कर रहे “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम का इस्तेमाल कर लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। शहर में इस तरह की ठगी का पहला मामला सामने आया है, जहां एक ड्राइवर के खाते से 96 हजार रुपए से ज्यादा की रकम उड़ा ली गई।

मोबाइल अचानक स्लो और हैंग

मामला रामबाग क्षेत्र का है। पीड़ित एक डॉक्टर दंपती के यहां ड्राइवर का काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात उसके गांव में रहने वाले दोस्त के व्हाट्सऐप नंबर से एक मैसेज आया था। मैसेज में “कॉकरोच जनता पार्टी” जॉइन कराने और पीएम आवास योजना के तहत मकान व लोन दिलाने का दावा किया गया था। इसके साथ एक लिंक भी भेजी गई थी। परिचित नंबर से मैसेज आने के कारण पीड़ित ने भरोसे में आकर लिंक पर क्लिक कर दिया। लिंक खुलते ही उसका मोबाइल अचानक स्लो और हैंग होने लगा। कुछ देर बाद उसने फोन बंद कर दिया, लेकिन करीब दो घंटे बाद मोबाइल चालू करने पर खाते से 96 हजार रुपए से ज्यादा राशि दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर हो चुकी थी।

फिशिंग लिंक भेजी

जांच में सामने आया कि साइबर ठगों ने पहले उसके दोस्त का मोबाइल हैक किया था। इसके बाद उसी नंबर से कॉन्टैक्ट लिस्ट में मौजूद लोगों को फिशिंग लिंक भेजी गई। परिचित नंबर देखकर पीड़ित धोखे में आ गया। पीड़ित शनिवार को क्राइम ब्रांच पहुंचा, लेकिन कार्यालय बंद होने के कारण शिकायत दर्ज नहीं हो सकी। सोमवार को वह जोन-1 डीसीपी कार्यालय पहुंचा, जहां उसकी शिकायत दर्ज की गई। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह सिर्फ 12 हजार रुपए महीना कमाता है और बड़ी मुश्किल से यह रकम जमा की थी। एक क्लिक में उसकी पूरी बचत चली गई।

ऐसे काम करती हैं फिशिंग लिंक

राष्ट्रीय स्तर के साइबर एक्सपर्ट प्रो. गौरव रावल के मुताबिक इन दिनों “कॉकरोच जनता पार्टी”, “सीक्रेट जॉइन” और “इनवाइट लिंक” जैसे नामों से फिशिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। लोग उत्सुकता या लालच में लिंक खोल देते हैं और उनका मोबाइल साइबर ठगों के नियंत्रण में पहुंच जाता है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts