INDORE NEWS : ट्रेन से टुकड़ों में महिला की लाश मिलने का मामला, ऋषिकेश पहुंची ट्रेन में मिले बाकी हिस्से, बेरहम कातिल का कोई सुराग नहीं

इंदौर/ ऋषिकेश। इंदौर में दो दिन पहले ट्रेन से मिले महिला की लाश के टुकड़ों के बाकी हिस्से ऋषिकेश में ट्रेन से मिले हैं। इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर से ऋषिकेश के बीच चलने वाली ट्रेन सोमवार को जब अपने गंतव्य पर पहुंची तो वहां के सफाई कर्मचारियों को ट्रेन की सफाई के दौरान एक बैग मिला। इसमें महिला के कुछ कटे हुए अंग मिले। इसके बाद उत्तराखंड पुलिस ने इंदौर में संपर्क किया। जांच में ये सामने आया है कि यह हिस्से उसी लाश के हैं जो इंदौर में एक ट्रेन से बरामद हुए थे। अब इंदौर की जीआरपी इस मामले की तफ्तीश के लिए ऋषिकेश जाएगी।
हाथ पर गुदे नाम से की जा रही शिनाख्त
पुलिस को प्रारंभिक जांच में महिला के गुजराती होने की जानकारी मिली है। हालांकि महिला की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है, लेकिन उसकी एक कलाई पर मीरा बेन गोपाल भाई लिखा हुआ है। ऐसे में पुलिस अब इस नाम की गुमशुदा महिलाओं की डिटेल खंगाल रही है। जीआरपी इंदौर के थाना प्रभारी संजय शुक्ला के अनुसार पुलिस इस मामले में कई एंगल पर जांच कर रही है और जल्द ही इस केस को सुलझा लिया जाएगा।











