PlayBreaking News

बैटरी फैक्ट्री में धमाकों के बाद भड़की भीषण आग:तीसरी मंजिल पर फंसे पांच कर्मचारियों को बचाया

फूटी कोठी चौराहे पर लिथियम बैटरी सेल में विस्फोट की आशंका, पटाखों की तरह फूटते रहे सेल; 15 हजार लीटर पानी से बुझी आग, महापौर ने दिए जांच के आदेश
Follow on Google News
तीसरी मंजिल पर फंसे पांच कर्मचारियों को बचाया
महापौर पुष्यमित्र भार्गव बचाव दल के साथ डेट रहे

 इंदौर। फूटी कोठी चौराहे के पास रविवार रात एक बैटरी निर्माण इकाई में हुए तेज धमाकों के बाद भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारी अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और द्वारकापुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने पड़ोसी मकान के रास्ते रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तीसरी मंजिल पर फंसे पांच कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

 

द्वारकापुरी थाना प्रभारी मनीष मिश्रा के अनुसार आग रात करीब साढ़े नौ बजे शराब दुकान के समीप स्थित लोकेंद्र राठौर के मकान में लगी। यहां स्वास्तिक इंटरप्राइजेज के नाम से बैटरी निर्माण एवं पैकिंग का कार्य संचालित होता है।

लोकेंद्र राठौर ने पुलिस को बताया कि रविवार होने के बावजूद पैकिंग कार्य के लिए कर्मचारियों को बुलाया गया था। उनका बेटा अशोक राठौर कर्मचारियों के लिए भोजन लेने बाहर गया हुआ था। इसी दौरान फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली।

 

कुछ ही मिनटों में आग का गोला बना मकान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कर्मचारियों को नीचे उतरने का मौका तक नहीं मिला। जान बचाने के लिए सभी कर्मचारी तीसरी मंजिल पर पहुंच गए। इस दौरान आग ने निचली दोनों मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया और पूरे भवन में जहरीला धुआं भर गया। फायर ब्रिगेड के एसआई एस.एन. दुबे ने बताया कि पड़ोसी मकान की छत के रास्ते रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर पांचों कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। धुएं के कारण उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी, हालांकि समय रहते उन्हें बाहर निकाल लिया गया।

 

लिथियम बैटरी सेल फूटते रहे, रॉकेट जैसी निकलती रहीं चिंगारियां

एसआई एस.एन. दुबे के अनुसार फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में लिथियम आयन बैटरी सेल रखे हुए थे। इन्हें मल्टी स्लॉट चार्जिंग रैक पर चार्ज किया जा रहा था। प्रारंभिक आशंका है कि चार्जिंग के दौरान किसी सेल में विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। लिथियम बैटरियों के कारण आग लगातार भड़कती रही और सेल पटाखों की तरह फूटते रहे। धमाकों के साथ रॉकेट जैसी चिंगारियां निकल रही थीं, जिससे आसपास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। करीब 15 हजार लीटर पानी और लगातार प्रयासों के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। जहरीले धुएं के कारण दो लोगों की तबीयत भी बिगड़ गई।

महापौर पहुंचे मौके पर, जांच के आदेश

घटना की जानकारी मिलते ही महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए। लोकेंद्र राठौर ने प्राथमिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई है। वहीं पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts