Flight Controversy : इंडिगो की फ्लाइट में बिना कुशन की सीट का फोटो हुआ वायरल, एअर इंडिया में क्रू मेंबर के साथ बदतमीजी करने वाली महिला यात्री को फ्लाइट से उतारा

नेशनल डेस्क। फ्लाइट में हो रही अजीबो-गरीब और बदसलूकी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रहीं। पहली घटना सोशल मीडिया पर वायरल हुई है, जिसमें इंडिगो के एक विमान के अंदर बिना कुशन वाली सीट दिख रही है, वहीं दूसरी घटना दिल्ली में हुई जहां एअर इंडिया की फ्लाइट में एक महिला द्वारा क्रू मेंबर्स से बदसलूकी की गई। इसके बाद उसे विमान से उतार दिया गया।
यह है पहली घटना...
सोशल मीडिया पर इंडिगो के एक विमान के अंदर बिना कुशन वाली सीट की तस्वीर वायरल हुई। असल में यावनिका नाम की महिला ने बेंगलुरु से भोपाल जाने के लिए इंडिगो फ्लाइट की सीट बुक की थी। जैसे ही वो विमान के अंदर दाखिल हुईं और अपनी सीट को देखा तो वह देखती ही रह गई, क्योंकि, उनकी सीट पर कुशन ही नहीं था। ऐसे में उन्होंने बिना कुशन वाली सीट की तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दीं। इसके बाद ये घटनाक्रम सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया।
यूजर्स के मजेदार कमेंट्स
यावनिका ने बिना कुशन वाली सीट के फोटो के साथ पोस्ट में कैप्शन लिखा- "सुंदर इंडिगो। मुझे उम्मीद है कि मैं सुरक्षित लैंड हो जाऊंगी! यह आपकी बेंगलुरु से भोपाल की फ्लाइट (6E 6465) है।" महिला का पोस्ट वायरल होते ही इंटरनेट पर एयरलाइन की सर्विस को लेकर बहस शुरू हो गई। महिला पैसेंजर के इस पोस्ट को अब तक 10 लाख से ज्यादा व्यूज मिल गए हैं। एक यूजर ने लिखा, ये पैसा इतना लेते हैं और सर्विस देते नहीं, दूसरे ने लिखा, ये तो मसाजर सीट लग रही है, एक अन्य यूजर ने लिखा, हाहाहा.. ये सच नहीं हो सकता।इंडिगो ने दी सफाई
इंडिगो ने यावनिका के पोस्ट पर रिप्लाई किया। उन्होंने लिखा- सफाई के लिए उड़ान से पहले सीट कुशन बदल दिए गए। हमारे केबिन क्रू ने तुरंत उन ग्राहकों को सूचित किया, जिन्हें ये सीटें आवंटित की गई थीं। हालांकि, बाद में सीट पर कुशन लगा दिया गया।












