Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रोमानिया को 3-2 से हराकर भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंची

पेरिस ओलिंपिक : मनिका ने अपने से बेहतर रैंकिंग वाली बनार्डेट जोक्स को पराजित किया
Follow on Google News
रोमानिया को 3-2 से हराकर भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंची
पेरिस। स्टार खिलाड़ी मनिका बत्रा की अगुआई में भारत ने सोमवार को यहां पेरिस ओलंपिक की महिला टेबल टेनिस टीम स्पर्धा में अपने से ऊंची रैंकिंग वाले रोमानिया को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। भारत 2-0 से आगे चल रहा था, लेकिन रोमानिया ने वापसी करते हुए 2-2 से बराबरी हासिल कर ली, लेकिन निर्णायक मैच में मनिका ने जीत दर्ज करने टीम को जीत दिला दी। श्रीजा अकुला और अर्चना कामथ ने युगल मैच में एडिना डायकोनू और एलिजाबेटा समारा पर 11-9, 12-10, 11- 7 से जीत दर्ज करके मुकाबले की शुरूआत की। मनिका ने अपने से बेहतर रैंकिंग वाली बनार्डेट जोक्स को 11-5, 11-7, 11-7 से हराया जिससे भारत ने अपने चौथे वरीयता प्राप्त प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ 2-0 की बढ़त हासिल की। प्रतियोगिता में भारत को 11वीं वरीयता दी गई है। दूसरे एकल में पहला गेम जीतने के बाद श्रीजा यूरोपीय चैंपियन समारा से 2-3 (11-8 4-11 11-7 6- 11 8-11) से हार गईं। श्रीजा की हार के बाद अर्चना और बनार्डेट के बीच मुकाबला हुआ। बनार्डेट ने पहला गेम 11-5 से जीत लिया लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने दूसरा गेम 11-8 से जीतकर बराबरी हासिल कर ली। बनार्डेट ने अगले दो गेम 11-7, 11-9 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया और मुकाबला 2-2 से बराबर कर दिया। इसके बाद मनिका ने एडिना को 3-0 (11-5, 11- 9, 11-9) से हराकर भारत को अंतिम आठ में जगह दिलाई। क्वार्टर फाइनल में भारत का मुकाबला अमेरिका या जर्मनी से होगा। पिछले हμते मनिका और श्रीजा दोनों ने ओलंपिक में व्यक्तिगत स्पर्धा में राउंड ऑफ 16 तक पहुंचने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनकर टेबल टेनिस में इतिहास रचा था। हालांकि दोनों ही खिलाड़ी इसके बाद आगे नहीं बढ़ सकीं और अपने से बेहतर रैंकिंग वाली खिलाड़ियों से हार गईं।

लक्ष्य सेन कांस्य पदक मुकाबले में जिया से हारे

पेरिस। लक्ष्य सेन पहला गेम जीतने और दूसरे में बढ़त बनाने के बावजूद पेरिस ओलिंपिक की बैडमिंटन की पुरुष एकल स्पर्धा के कांस्य पदक के प्ले ऑफ मुकाबले में सोमवार को यहां मलेशिया के ली जी जिया के खिलाफ तीन गेम में हारकर इस स्पर्धा में पदक जीतने वाला पहला भारतीय खिलाड़ी बनने से चूक गए। सेमीफाइनल की तरह कांस्य पदक के प्ले ऑफ में भी दुनिया के 22वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य ने बढ़त गंवाई और उन्हें 71 मिनट चले मुकाबले में दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी ली के खिलाफ 21-13, 16-21, 11-21 से हार का सामना करना पड़ा। राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता लक्ष्य की ली के खिलाफ छह मैचों में यह दूसरी हार है। इस हार के साथ लक्ष्य साइना नेहवाल (लंदन ओलिंपिक 2012 में कांस्य) और पीवी सिंधू (रियो ओलिंपिक 2016 में रजत और तोक्यो ओलिंपिक 2020 में कांस्य) के बाद ओलिंपिक पदक जीतने वाला तीसरा भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी बनने से भी चूक गए।
People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts