किसानों के मुद्दे पर बढ़ा विवाद: छिंदवाड़ा भाजपा जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना का इस्तीफा

छिंदवाड़ा। जिले की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। किसानों के मुद्दों को लेकर हाल ही में किए गए आंदोलन और भाजपा संगठन के साथ बढ़े विवाद के बाद उनका यह कदम सामने आया है।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा
दो दिन पहले अमित सक्सेना ने किसानों की समस्याओं को लेकर छिंदवाड़ा के बस स्टैंड पर विशाल आमसभा की थी। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्य शासन के नाम ज्ञापन सौंपा था। इसमें छिंदवाड़ा जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने, चौसरा में प्रस्तावित न्यूक्लियर प्लांट का काम रोकने, किसानों को चार गुना मुआवजा देने तथा कुएं और ट्यूबवेल के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने जैसी मांगें उठाई गई थीं।
सक्रिय सदस्यता से दिया इस्तीफा
इस आंदोलन के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव ने सक्सेना को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके बाद अमित सक्सेना ने पार्टी की प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्यता से इस्तीफा सौंप दिया। आंदोलन के दौरान सक्सेना ने कहा था कि वे जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि हैं और किसानों की लड़ाई लड़ते रहेंगे, भले ही इसके लिए उन्हें पार्टी से निष्कासन का सामना करना पड़े।
छिंदवाड़ा में जल संकट की आहट, कन्हारगांव डेम में सिर्फ 5 प्रतिशत पानी; बर्बादी पर कटेगा नल कनेक्शन
22 हजार मतों से जीता था चुनाव
गौरतलब है कि अमित सक्सेना जिला पंचायत सदस्य का चुनाव करीब 22 हजार मतों के रिकॉर्ड अंतर से जीतकर चर्चा में आए थे। लोकसभा चुनाव के दौरान वे कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। उनके इस्तीफे से जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।




















