Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

एशियन पैरा गेम्स से पहले भारतीय शूटिंग टीम में बवाल, कोच को वापस लाने की मांग पर रो पड़ीं भक्ति शर्मा

एशियन पैरा गेम्स 2026 से पहले कोच जय प्रकाश नौटियाल को दल से बाहर रखने पर भारतीय पैरा शूटिंग टीम के खिलाड़ियों ने विरोध जताया। भक्ति शर्मा समेत खिलाड़ियों ने SAI और खेल मंत्रालय से फैसले पर पुनर्विचार की मांग की।
एशियन पैरा गेम्स से पहले भारतीय शूटिंग टीम में बवाल, कोच को वापस लाने की मांग पर रो पड़ीं भक्ति शर्मा

नई दिल्ली। एशियन पैरा गेम्स 2026 से पहले भारतीय पैरा शूटिंग टीम में कोच जय प्रकाश नौटियाल को आधिकारिक दल से बाहर किए जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। खिलाड़ी द्रोणाचार्य अवार्डी कोच को टीम के साथ भेजने की मांग कर रहे हैं। सोमवार को खिलाड़ियों ने स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और खेल मंत्रालय को ईमेल लिखकर फैसले पर दोबारा विचार करने की मांग की। इस दौरान शूटर भक्ति शर्मा भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

18 अक्टूबर से शुरू होंगे एशियन पैरा गेम्स

एशियन पैरा गेम्स 2026 का आयोजन 18 से 24 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होना है। प्रतियोगिता से पहले भारतीय पैरा शूटिंग टीम में कोच जय प्रकाश नौटियाल को आधिकारिक दल में शामिल नहीं किए जाने से खिलाड़ी परेशान हैं। सूत्रों के मुताबिक, शूटर मनीष नरवाल, भक्ति शर्मा, मोना अग्रवाल और रुद्रांश खंडेलवाल समेत कई खिलाड़ियों ने SAI के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि टीम की तैयारी और प्रदर्शन के लिए चीफ कोच का साथ होना जरूरी है। खिलाड़ियों ने इस संबंध में खेल मंत्रालय को ईमेल भी भेजा है। इसमें कोच को अचानक हटाए जाने से खिलाड़ियों की तैयारी, आत्मविश्वास और प्रदर्शन पर असर पड़ने की बात कही गई है।

खिलाड़ियों ने ईमेल में रखीं चार मांगें

खिलाड़ियों ने अपने ईमेल में कोच जय प्रकाश नौटियाल की भूमिका बताते हुए फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की है। उन्होंने चार प्रमुख बातें रखी हैं। कोच खिलाड़ियों को तकनीकी मार्गदर्शन, रणनीतिक सहयोग, मेंटरशिप और मानसिक प्रोत्साहन देते रहे हैं। उनकी मौजूदगी से टीम की तैयारी में निरंतरता और बेहतर प्रदर्शन बनाए रखने में मदद मिलती है। कोच पर लगे किसी भी आरोप की जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और सबूतों के आधार पर होनी चाहिए। कोच को आधिकारिक दल से बाहर रखने के फैसले पर दोबारा विचार किया जाना चाहिए। खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत बैठक की भी अपील की है। उनका कहना है कि इस मांग का उद्देश्य किसी संस्था को चुनौती देना नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के हित में निष्पक्ष फैसला सुनिश्चित करना है।

SAI अधिकारियों के सामने भावुक हुईं भक्ति शर्मा

पैरा शूटिंग टीम से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक, SAI के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान एयर पिस्टल की महिला SH1 कैटेगरी में खेलने वाली भक्ति शर्मा भावुक हो गईं। वहीं, राइफल शूटर और अर्जुन अवार्डी मोना अग्रवाल ने भी टीम के साथ कोच की जरूरत पर जोर दिया। बैठक में वर्ल्ड चैंपियन रुद्रांश खंडेलवाल और मनीष नरवाल भी मौजूद थे। खिलाड़ियों का कहना है कि दबाव की स्थिति में चीफ कोच का मार्गदर्शन बेहद जरूरी होता है। मनीष नरवाल टोक्यो पैरालंपिक में गोल्ड और पेरिस पैरालंपिक 2024 में सिल्वर मेडल जीत चुके हैं। वहीं, मोना अग्रवाल ने पेरिस पैरालंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

Breaking News

क्यों हटाए गए जय प्रकाश नौटियाल?

जय प्रकाश नौटियाल पर तय मानदंडों का पालन नहीं करने और टीम में चयन के बदले रिश्वत मांगने के आरोप लगे थे। इन आरोपों के बीच कई शूटर्स ने SAI मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने नौटियाल को हटाने और उनके खिलाफ लगे आरोपों की जांच कराने की मांग की थी। नौटियाल की जगह लंबे समय से राष्ट्रीय कोच रहे जीवन एल. राय को टीम में शामिल किया गया है।

एशियन पैरा गेम्स के लिए भारत का कितना बड़ा दल?

पीटीआई के मुताबिक, खेल मंत्रालय ने एशियन पैरा गेम्स के लिए 166 खिलाड़ियों को मंजूरी दी है। इनके अलावा 94 टीम अधिकारी और सपोर्ट स्टाफ तथा 15 कॉन्टिंजेंट स्टाफ सदस्य होंगे। इस तरह भारत का कुल दल 275 सदस्यों का होगा। भारतीय खिलाड़ी 10 खेलों में हिस्सा लेंगे। पैरा एथलेटिक्स में 62 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें 46 पुरुष हैं। विश्व चैंपियनशिप की पदक विजेता दृष्टिबाधित धाविका सिमरन भी टीम का हिस्सा हैं। टेबल टेनिस में पैरालंपिक सिल्वर मेडलिस्ट भाविना पटेल शामिल हैं। बैडमिंटन टीम में 28 खिलाड़ी हैं। इसमें प्रमोद भगत और सुहास यतिराज जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं। तीरंदाजी में शीतल देवी और पायल नाग भारतीय टीम का हिस्सा हैं। वहीं, 13 सदस्यीय पैरा शूटिंग टीम में पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट अवनि लेखरा और मोना अग्रवाल भी शामिल हैं।

महाकाल के दरबार में पहुंचे आकाश चोपड़ा, पत्नी संग भस्म आरती में हुए शामिल, बोले- यहां अलग ही एहसास है

मांग के बावजूद कोच का नाम सूची में नहीं

खिलाड़ियों की मांग, खेल मंत्रालय को भेजे गए ईमेल और SAI अधिकारियों से मुलाकात के बावजूद जय प्रकाश नौटियाल का नाम आधिकारिक दल की सूची में शामिल नहीं किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्रालय ने अंतिम समय में किसी बदलाव से इनकार कर दिया है। ऐसे में एशियन पैरा गेम्स से पहले भारतीय पैरा शूटिंग टीम में कोच को लेकर विवाद बना हुआ है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...

Latest Posts