चौथे चरण में कोई 5,705 करोड़ का मालिक, किसी के पास 4,568 करोड़ रुपए की संपत्ति

13 मई को लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान होगा 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 1,710 उम्मीदवारों
Follow on Google News
चौथे चरण में कोई 5,705 करोड़ का मालिक, किसी के पास 4,568 करोड़ रुपए की संपत्ति

नई दिल्ली। 13 मई को लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान होगा। 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 1,710 उम्मीदवारों की किस्मत 13 मई को ईवीएम में कैद हो जाएगी। इनमें से 476 उम्मीदवार यानी 28 फीसदी करोड़पति हैं। जबकि 24 प्रत्याशी ऐसे हैं, जिनकी संपत्ति शून्य है। चौथे चरण में चुनाव लड़ने वाले प्रति उम्मीदवार की औसत संपत्ति 11.72 करोड़ रु. है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की रिपोर्ट के अनुसार चौथे चरण में भाजपा के 70 उम्मीदवारों में से 65 या 93 फीसद प्रत्याशी करोड़पति हैं। जबकि कांग्रेस के 56 कैंडिडेट करोड़पति हैं। उधर शिवसेना (यूबीटी), बीजद, राजद, टीडीपी, भारत राष्ट्र समिति और शिवसेना ने जितने कैंडिडेट उतारे हैं, वो सभी करोड़पति हैं। पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस के 7 उम्मीदवार करोड़पति हैं और सपा के 19 उम्मीदवारों में से 11 (58 फीसद) ने 1 करोड़ रु. से अधिक की संपत्ति घोषित की है। चौथे चरण के भाजपा उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 101.77 करोड़ रु. है, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 23.66 करोड़ रु. है। सबसे ज्यादा उम्मीदवार (92) उतारने वाली बसपा के पास सबसे कम औसत घोषित संपत्ति 1.94 करोड़ रु. है। चौथे फेज में बीजेपी ने 70 उम्मीदवार उतारे हैं, इनमें से 10 के पास 50 करोड़ रु. से अधिक की संपत्ति है। पार्टी के लगभग 44.3 प्रतिशत उम्मीदवारों ने 1 करोड़ रु. से 10 करोड़ रु. के बीच संपत्ति घोषित की। केवल 5 उम्मीदवारों के पास एक करोड़ रु. से कम की संपत्ति है। कांग्रेस के 61 उम्मीदवारों में से 7 की संपत्ति 50 करोड़ रु. से अधिक है। करीब आठ फीसदी के पास एक करोड़ रु. से कम की संपत्ति है। दूसरी ओर सपा के 19 प्रत्याशियों में से 8 उम्मीदवारों की संपत्ति एक करोड़ से 10 करोड़ रु. के बीच है।

अमेठी से नहीं लड़ पाए और कह रहे - सरकार बनाएंगे’

नई दिल्ली। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर उनके इस दावे को लेकर कटाक्ष किया कि विपक्षी गठबंधन इंडिया लोकसभा चुनाव जीतेगा। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अमेठी से अपना नामांकन दाखिल नहीं कर सका, वह केंद्र में सरकार बनाने की बात कर रहा है। गांधी 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी में स्मृति ईरानी से हार गए थे।

मोदी के लिए अगली सरकार बनाना मुश्किल

पटना। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दावा किया कि पीएम मोदी के लिए अगली सरकार बनाना बेहद मुश्किल होगा। बिहार में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि पीएम की बातों में अब देश की जनता नहीं आने वाली है। खड़गे ने कहा, मैं आंध्र प्रदेश में रैलियों को संबोधित कर रहा था, जब पीएम पड़ोसी राज्य तेलंगाना में थे। अतीत में उनके भाषणों में जो अभिमान और गर्व था, वह गायब था। लोकसभा चुनाव के 3 चरणों के बाद, मैं निश्चित तौर पर कह सकता हूं कि मोदी के लिए फिर से प्रधानमंत्री बनना बहुत मुश्किल होने वाला है।

आतंकवाद के प्रति कांग्रेस का रवैया नरम : सीतारमण

नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि आतंकवाद के प्रति उसका रुख नरम रहा है। आपने कांग्रेस की अगुवाई वाले संप्रग के दस साल के शासन के दौरान देखा कि कैसे आतंकवादी हमलों को बर्दाश्त किया गया। उपयुक्त जवाब नहीं दिया गया।

‘मोदी हैं टेम्पो वाले अरबपतियों के राजा’

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पीएम्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए उन्हें टेम्पो वाले अरबपतियों का कठपुतली राजा बताया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गांधी ने एक्स पर एक वीडियो साझा किया जिसमें शुक्रवार को लखनऊ में एक कार्यक्रम में उनके भाषण के कुछ अंश शामिल हैं। वीडियो के साथ उन्होंने हिंदी में पोस्ट किया, नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं, राजा हैं।

शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे से मिले थरूर

मुंबई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने मुंबई में स्थित शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के आवास मातोश्री में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे से शिष्टाचार भेंट की। आदित्य ठाकरे ने थरूर के साथ तस्वीर पोस्ट की। इससे पहले, तिरुवनंतपुरम से सांसद थरूर ने मुंबई उत्तर मध्य सीट से कांग्रेस उम्मीदवार वर्षा गायकवाड़ के लिए बांद्रा में चुनाव प्रचार किया।

People's Reporter
By People's Reporter
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts