IET हॉस्टल कांड :पेरेंट्स को विभाग में बुलाया गया, छात्रों- पेरेंट्स दोनों का एफिडेविट लिया जा रहा

इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के IET डिपार्टमेंट हॉस्टल में अर्धनग्न होकर डांस करने और तोड़फोड़ करने वाले छात्रों पर यूनिवर्सिटी ने कार्रवाई तेज कर दी है। वायरल वीडियो के आधार पर प्रबंधन ने अब तक 17 छात्रों की पहचान की है। इन छात्रों को नोटिस जारी किए गए हैं और उनके पेरेंट्स को विभाग में बुलाया जा रहा है।
पैरेंट्स पहुंचे, बच्चों की हरकत से दिखी शर्मिंदगी
घटना के बाद अब छात्रों के माता-पिता का विभाग पहुंचना शुरू हो गया है। अब तक 4 छात्रों के पेरेंट्स प्रबंधन से मुलाकात कर चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक, वे भी अपने बच्चों की हरकत से असहज और शर्मिंदा नजर आए। विभागीय अधिकारियों से चर्चा के दौरान वे इस घटना पर ज्यादा कुछ बोल नहीं पाए।
यह भी पढ़ें: बांधवगढ़ में बाघ की मौत पर गहराया रहस्य, गर्मी और ट्रैंक्यूलाइज दवा के ओवरडोज पर उठे सवाल
छात्रों- अभिभावकों से एफिडेविट लिया जा रहा
IET के डायरेक्टर डॉ. प्रतोष बंसल के मुताबिक, छात्रों और उनके पेरेंट्स से एफिडेविट लिया जा रहा है। इसमें कई शर्तें शामिल हैं। छात्रों को लिखित रूप से यह देना होगा कि वे भविष्य में ऐसा कोई काम नहीं करेंगे जिससे संस्था की छवि खराब हो। एफिडेविट में यह भी शामिल किया गया है कि छात्र जहां भी रहेंगे, समाजहित में काम करेंगे, नियमों का पालन करेंगे और अच्छे नागरिक बनने का प्रयास करेंगे। प्रबंधन का कहना है कि यह सिर्फ दंड नहीं, बल्कि छात्रों को जिम्मेदारी समझाने की कोशिश भी है।
क्या है पूरा मामला?
कुछ दिन पहले IET हॉस्टल में फाइनल ईयर के छात्रों ने जमकर उत्पात मचाया था। छात्रों ने अर्धनग्न होकर गानों पर डांस किया, हॉस्टल परिसर में हंगामा किया और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। टेबल-कुर्सियां, पानी की टंकी और खिड़कियों के कांच तक तोड़ दिए गए थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
यह मामला इसलिए भी अहम है क्योंकि यह सिर्फ अनुशासनहीनता का मुद्दा नहीं, बल्कि कैंपस संस्कृति, संस्थागत जिम्मेदारी और छात्रों के व्यवहार से जुड़ा सवाल बन गया है। वीडियो सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी की कार्रवाई अब दूसरे छात्रों के लिए भी एक सख्त संदेश मानी जा रही है।
हर दोषी छात्र के खिलाफ 25 हजार का जुर्माना
प्रबंधन ने प्रत्येक दोषी छात्र पर 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। साफ कर दिया गया है कि जब तक पेनल्टी जमा नहीं होगी, तब तक छात्रों का रिजल्ट जारी नहीं किया जाएगा। हालांकि, घटना के बाद छात्रों को परीक्षा देने से रोक दिया गया था, लेकिन जांच प्रक्रिया के बाद उनके बाकी पेपर करवाने पर फैसला लिया जाएगा।











