ताजा खबरराष्ट्रीय

I.N.D.I.A. गठबंधन में टूट! ममता बनर्जी ने बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने का किया ऐलान, कांग्रेस को लेकर कही ये बात

कोलकाता। लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख ममता बनर्जी ने 2024 का लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान किया है। ममता ने बुधवार को कहा- पश्चिम बंगाल में सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस ने मेरा प्रस्ताव ठुकराया है। हम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेंगे। ममता के इस ऐलान के साथ ही विपक्षी इंडिया गठबंधन की तस्वीर और भविष्य पर संकट के बादल गहरे हो गए हैं।

बंगाल में हम अकेले भाजपा को हराएंगे : ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोकसभा चुनाव के लिए राज्य में सीटों के बंटवारे पर कहा कि मेरी कांग्रेस से कोई चर्चा नहीं हुई है। मैंने हमेशा कहा है कि बंगाल में हम अकेले लड़ेंगे। मुझे इस बात की बिल्कुल चिंता नहीं है कि देश में क्या होगा, लेकिन हम सेक्युलर पार्टी हैं और बंगाल में हम अकेले भाजपा को हराएंगे। मैं अब भी I.N.D.I.A अलायंस का हिस्सा हूं। राहुल गांधी की न्याय यात्रा हमारे राज्य से गुजर रही है, लेकिन हमें इसके बारे में बताया तक नहीं गया है।

मेरे सभी सुझाव नकारे : ममता

ममता बनर्जी ने जब यह ऐलान किया, उपेक्षा का दर्द और तल्खी भी झलकी। उन्होंने कहा कि मैंने जो भी सुझाव दिए, वह सभी नकार दिए गए। इन सबके बाद हमने बंगाल में अकेले जाने का फैसला किया। उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बिना यह भी कहा कि वह पश्चिम बंगाल में यात्रा करने जा रहे हैं, इसकी जानकारी शिष्टाचार के नाते भी उनको नहीं दी गई। ये पूरी तरह गलत है।

कांग्रेस को दो सीटें देगी टीएमसी

रिपोर्ट्स की माने तो, बंगाल में कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए 10 से 12 सीटों की मांग कर रही है, जबकि TMC केवल दो सीटें देने पर अड़ी है। यह वे सीटें हैं जिन्हें कांग्रेस ने साल 2019 के लोकसभा चुनाव में जीता था। TMC, कांग्रेस और बंगाल की लेफ्ट पार्टियां भी I.N.D.I.A का हिस्सा हैं।

गौरतलब है कि टीएमसी ने साफ किया था कि वह कांग्रेस को दो सीटें देगी। कांग्रेस को 2019 के लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की 42 में से दो सीटों पर जीत हासिल की थी।

ये भी पढ़ें- मणिपुर : असम राइफल्स के जवान ने अपने साथी सैनिकों पर की फायरिंग, 6 घायल; खुद को भी मारी गोली

संबंधित खबरें...

Back to top button