दिल्ली : बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई की हत्या, पार्किंग विवाद ने ली जान; 2 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके के जंगपुरा भगोल बाजार लेन में गुरुवार (7 अगस्त) की देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ कुरैशी (40) की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि यह विवाद घर के सामने स्कूटी खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपियों को धारदार हथियार से हमला करते हुए देखा जा सकता है।
कैसे हुआ विवाद?
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 11 बजे आसिफ कुरैशी काम से घर लौटे तो उन्होंने देखा कि पड़ोसी की स्कूटी उनके घर के मुख्य गेट के सामने खड़ी है। इससे घर का दरवाजा ब्लॉक हो गया था। आसिफ ने पड़ोसी से कहा, “भाई, गाड़ी थोड़ा साइड कर दो, महिलाएं भी हैं, चोट लग सकती है।” लेकिन बात मानने की बजाय पड़ोसी गाली-गलौज पर उतर आए और मामला झगड़े में बदल गया।
देखें हत्या का CCTV...
दिल्ली : बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई की हत्या, CCTV फुटेज आया सामने, तेजधार हथियार से हमला करते दिखे आरोपी, पार्किंग विवाद में 2 लोगों से हुआ था झगड़ा, निजामुद्दीन इलाके के जंगपुरा भगोल बाजार लेन की घटना #HumaQureshi #BollywoodActress #CCTVFootage #DelhiCrime… pic.twitter.com/en5Wg84eK8
— People's Update (@PeoplesUpdate) August 8, 2025
हमला और मौत
विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी उज्जवल (19 वर्ष) और उसका छोटा भाई गौतम (18 वर्ष) नीचे आए और दोनों ने मिलकर आसिफ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में आसिफ बुरी तरह घायल हो गए और उनके सीने से लगातार खून बहता रहा। परिजन उन्हें तत्काल पास के अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पत्नी और परिजनों के आरोप
मृतक की पत्नी सायनाज कुरैशी ने आरोप लगाया कि यह हमला सिर्फ एक पार्किंग विवाद नहीं था, बल्कि सोची-समझी साजिश थी। उन्होंने बताया कि पहले भी पड़ोसियों से इसी बात को लेकर झगड़े होते रहते थे। सायनाज ने कहा, "आसिफ हमेशा सबको भाई कहकर सम्मान देते थे, लेकिन सामने वाले अक्सर गाली-गलौज करते थे।"
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही निजामुद्दीन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शुक्रवार को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 103(1)/3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की और सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों आरोपियों उज्जवल और गौतम को गिरफ्तार कर लिया।

रिश्तेदारों की मांग- मिले इंसाफ
मृतक के भाई जावेद कुरैशी ने बताया कि यह कोई पहली बार का झगड़ा नहीं था। पहले भी आरोपियों ने आसिफ से जानबूझकर बहस की थी। उन्होंने कहा, “जब मुझे फोन आया तो मैं दौड़कर घर गया, देखा कि आसिफ ज़मीन पर पड़े हैं। अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।” परिजनों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
कौन हैं हुमा कुरैशी?
आसिफ कुरैशी बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई थे। हुमा ने फिल्म ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था और 'महारानी', 'बदलापुर', 'जॉली एलएलबी 2' जैसी फिल्मों और वेब सीरीज में अपने अभिनय से नाम कमाया। हुमा को जैसे ही यह खबर मिली, उनके परिवार में मातम छा गया।
ये भी पढ़ें: सिंगर हनी सिंह और करण औजला के गानों पर विवाद, महिला आयोग ने डीजीपी को भेजा पत्र, कार्रवाई की मांग



















