Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सिंगर हनी सिंह और करण औजला के गानों पर विवाद, महिला आयोग ने डीजीपी को भेजा पत्र, कार्रवाई की मांग

- 'मिलेनियर' और 'एमएम गबरू' में महिलाओं को अपमानित करने के आरोप 
सिंगर हनी सिंह और करण औजला के गानों पर विवाद, महिला आयोग ने डीजीपी को भेजा पत्र, कार्रवाई की मांग
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    एंटरटेनमेंट डेस्क। पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के दो मशहूर सिंगर यो यो हनी सिंह और करन औजला पर अब विवादों के बादल गहरा गए हैं। दोनों के गानों में महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल करने पर पंजाब महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने पंजाब पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर दोनों गायकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

    'मिलेनियर' और 'एमएम गबरू' पर आपत्ति

    पंजाब महिला आयोग की अध्यक्ष राज लाली गिल ने इस संबंध में पंजाब के डीजीपी को दो अलग-अलग पत्र भेजे हैं। पहले पत्र में यो यो हनी सिंह के गाने ‘मिलेनियर’ को लेकर आपत्ति जताई गई है। गाने में कथित तौर पर महिलाओं के प्रति बेहद आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया है। दूसरे पत्र में करण औजला के गाने ‘एमएम गबरू’ का जिक्र किया गया है। इसमें भी महिलाओं को लेकर अभद्र और अपमानजनक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप है।

    महिला आयोग का कहना है कि इन गानों में महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई गई है, जो समाज में गलत संदेश देता है और महिलाओं के सम्मान के खिलाफ है।

    डीजीपी को 11 अगस्त तक रिपोर्ट देने के निर्देश

    आयोग ने पंजाब डीजीपी को निर्देश दिए हैं कि चंडीगढ़ स्थित पंजाब पुलिस के संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं। साथ ही 11 अगस्त सुबह 11 बजे तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट आयोग के कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा गया है।

    इन गानों को कराया जाएगा बैन

    महिला आयोग की अध्यक्ष राज लाली गिल ने कहा, “सिंगर समाज की आवाज होते हैं। एक ओर यह कलाकार मां के प्रति प्रेम का प्रदर्शन करते हैं और दूसरी ओर गानों में मां-बहन की गालियां देते हैं, जो बेहद शर्मनाक है। इन गानों को जल्द ही बैन कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।”

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts