Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हरदा में 54 बच्चों की हृदय जांच, 11 सर्जरी के लिए चिन्हित; योजना के तहत होगा निशुल्क इलाज

हरदा में शनिवार को जिले के तीनों विकासखंडों से पहुंचे 54 बच्चों की बाल हृदय रोग विशेषज्ञों ने जांच की। जांच के बाद 11 बच्चों को हृदय सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया है। बच्चों की सर्जरी निशुल्क होगी।
हरदा में 54 बच्चों की हृदय जांच, 11 सर्जरी के लिए चिन्हित; योजना के तहत होगा निशुल्क इलाज
बच्चों की जांच करते डॉक्टर

हरदा। जिले में बच्चों में हृदय रोग की समय पर पहचान और उपचार के लिए शनिवार को हृदय रोग परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। जिला चिकित्सालय परिसर स्थित जिला शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र (DEIC) में आयोजित शिविर में जिले के तीनों विकासखंडों से पहुंचे 54 बच्चों की बाल हृदय रोग विशेषज्ञ ने जांच की। जांच के बाद 11 बच्चों को हृदय सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया है। इन बच्चों की आवश्यक हृदय सर्जरी शासन की योजना के तहत निशुल्क कराई जाएगी। शिविर में बंसल हॉस्पिटल भोपाल के बाल हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. शांतनु जैन ने इकोकार्डियोग्राफी के माध्यम से बच्चों की विस्तृत जांच की।

54 बच्चों की हुई जांच

यह शिविर ‘सेवा मेरा योगदान-सेवा संकल्प’ अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं आयुष्मान भारत निरामयम् मध्यप्रदेश के तहत आयोजित किया गया। शिविर में बच्चों का पहले पंजीयन और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके बाद विशेषज्ञ चिकित्सक ने इको जांच के माध्यम से बच्चों के हृदय की स्थिति का परीक्षण किया। जांच के दौरान हृदय संबंधी समस्या की स्थिति और बच्चों के लिए आवश्यक उपचार का निर्धारण किया गया। शिविर में तीनों विकासखंडों से बच्चे पहुंचे थे।

11 बच्चों को सर्जरी के लिए चुना गया

डीईआईसी प्रभारी प्रबंधक आशीष साकल्ले ने बताया कि जांच किए गए 54 बच्चों में से 11 बच्चों को हृदय सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया है। वहीं 27 बच्चे सामान्य पाए गए। 10 बच्चों को एक वर्ष बाद दोबारा जांच के लिए बुलाया गया है, जबकि 6 बच्चों को अन्य आवश्यक जांचों के लिए चिन्हित किया गया है। सर्जरी के लिए चिन्हित सभी 11 बच्चों की फाइल और जरूरी दस्तावेज तैयार कर लिए गए हैं। आगामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन बच्चों को शासन की योजना के तहत निशुल्क हृदय सर्जरी के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में भेजा जाएगा।

Breaking News

चार मोबाइल हेल्थ टीमें कर रहीं बच्चों की स्क्रीनिंग

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एचपी सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिले में चार मोबाइल हेल्थ टीमें कार्यरत हैं। ये टीमें आंगनवाड़ी केंद्रों पर साल में दो बार और स्कूलों में साल में एक बार बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करती हैं। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान जिन बच्चों में किसी तरह की समस्या सामने आती है, उन्हें विशेषज्ञ जांच और उपचार के लिए ऐसे शिविरों में लाया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत चिन्हित बच्चों की शनिवार को विशेषज्ञों से जांच कराई गई।

इकोकार्डियोग्राफी से हुई विस्तृत जांच

शिविर में डॉ. शांतनु जैन ने इकोकार्डियोग्राफी के जरिए बच्चों की विस्तृत हृदय जांच की। प्रारंभिक जांच डॉ. पीएन छलौत्रे, डॉ. मंजू वर्मा, डॉ. आशुतोष करोड़े, डॉ. विजयश्री मीणा, डॉ. मनीराम उईके और डॉ. अस्पाक खान ने की। डीईआईसी ऑडियोलॉजिस्ट नीरज मालवीय ने बताया कि सर्जरी के लिए चिन्हित 11 बच्चों की फाइल तैयार कर आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। बच्चों को जल्द ही निशुल्क उपचार और सर्जरी के लिए संबंधित उच्च चिकित्सा संस्थानों में भेजा जाएगा। शिविर में डॉ. गंभीर पटेल, डॉ. राजेश सतीजा, डॉ. ब्रजेश रघुवंशी, जन अभियान परिषद के संदीप गोहर, रेडक्रॉस सोसायटी के राजेश पाटनी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों का सहयोग रहा। काउंसलर पारूल काशिव ने बताया कि ऐसे शिविरों से बच्चों में हृदय रोग की समय पर पहचान, विशेषज्ञ परामर्श और आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है।

Uttam Tenguriya
By Uttam Tenguriya

हरदा जिला ब्यूरों - पीपुल्स समाचार संभागीय अध्यक्ष ( नर्मदापुरम) - पत्रकार कल्याण परिषद संचालक -...Read More

Latest Posts