हरदा : फसल बीमा राशि नहीं मिलने पर किसानों ने सौंपा ज्ञापन, सात दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

हरदा।प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ वर्ष 2025 के अंतर्गत पात्र किसानों ने बीमा राशि से वंचित रहने के विरोध में जिला कलेक्टर के नाम खिरकिया एसडीएम रजनी वर्मा को एक ज्ञापन सौंपा। इसके माध्यम से ग्राम दामोदरपुरा, डेडगांव, कानपुरा, शोभापुर सहित अन्य प्रभावित गांवों के किसानों ने बीमा विसंगति का मुद्दा उठाया। इस मौके पर किसानों ने कहा कि प्राकृतिक आपदा एवं अतिवृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ था। राजस्व विभाग द्वारा फसल क्षति का सर्वे एवं पंचनामा भी किया गया तथा अनेक किसानों को राहत राशि भी मिली, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में पात्र किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की बीमा राशि नहीं मिली।
'जीरो क्लेम' पर जताई आपत्ति, निष्पक्ष जांच की मांग
कई किसानों के बीमा दावों की स्थिति "जीरो क्लेम" दर्शाई गई, जबकि उनके खेतों का पंचनामा राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। दोनों कार्यवाहियों के बीच किसानों का सूची से बाहर हो जाना समझ से परे है। किसानों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है, ताकि पात्र किसानों को शीघ्र बीमा राशि उपलब्ध हो सके। इसके अलावा 'जीरो क्लेम' वाले प्रकरणों की पुनः जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई की भी मांग की गई।
ये भी पढ़ें: गोविंद नारायण सिंह जयंती : मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया नमन, कहा- सेवा और नैतिकता का जीवन आज भी प्रेरणा
सात दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
अंत में किसानों ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि सात दिनों में उचित एवं संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र के किसान लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपते समय पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष कलम, कमल सिंह मीणा, सुंदरलाल राजपूत, गयाप्रसाद गुर्जर, विजय सिंह, जगदीश पटेल, समर सिंह, अशोक चौहान, चंदन सिंह पटेल, भगवत सिंह सोनी, अशोक पवार, नरेंद्र सिंह देवड़ा, गोपाल पटेल (शोभापुर), गोपाल राजपूत, उपेंद्र, मुकेश गोर, संदीप मालवी, नारायण मालवी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जंतर-मंतर पर जश्न, अभिजीत दीपके बोले- झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए












