हरदा में 5 साल के मासूम का खौफनाक अंत, घर के अंदर गड्ढे में मिला शव; चाचा हिरासत में

हरदा। जिले के सिराली थाना क्षेत्र के ग्राम गहाल में 5 साल के मासूम का शव घर के अंदर गड्ढे से मिलने के बाद सनसनी फैल गई। बच्चा करीब एक सप्ताह से लापता था। सोमवार देर रात घर से बदबू आने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद घर के अंदर खुदाई कर मासूम का शव बरामद किया गया।
एक हफ्ते से लापता था मासूम
जानकारी के मुताबिक, मासूम करीब एक सप्ताह से लापता था। ग्रामीणों को जब घर से तेज बदबू आने लगी तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिराली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घर की जांच शुरू की।
गड्ढे में दबा मिला शव
पुलिस ने मृतक के चाचा पिंटू अखंडे के घर के एक कोने में खुदाई कराई। खुदाई के दौरान पहले बच्चे का पैर दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने गड्ढे की और खुदाई कराकर बेहद खराब हालत में मासूम का शव बाहर निकलवाया। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया।
मां की हत्या के बाद चाचा के साथ रह रहा था बच्चा
बताया जा रहा है कि मासूम की मां की पहले हत्या हो चुकी थी। मां की हत्या के बाद से बच्चा अपने चाचा के साथ रह रहा था। वहीं, बच्चे के पिता उसकी मां की हत्या के मामले में पहले से जेल में बंद हैं। मामले में मृत बालक के बड़े चाचा मुकेश अखंडे ने आरोप लगाए हैं। उनके आरोपों के बाद पुलिस ने बच्चे के छोटे चाचा पिंटू अखंडे को हिरासत में लिया है।
पुलिस कर रही पूछताछ
सिराली थाना प्रभारी सीताराम पटेल के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घर के अंदर खुदाई कराने पर मासूम का शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए खिरकिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। फिलहाल, पुलिस हिरासत में लिए गए पिंटू अखंडे से पूछताछ कर रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस के अनुसार, मासूम की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बच्चे की मौत कैसे हुई और उसका शव घर के अंदर गड्ढे में क्यों दफनाया गया। मामले में पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है।












