ग्वालियर के टेकनपुर में जमीन कब्जे को लेकर फायरिंग, जिला पंचायत सदस्य के भाई के कर्मचारी की हत्या

ग्वालियर। टेकनपुर हाईवे पर शुक्रवार शाम जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद गोलीबारी हो गई। इसमें युवक संदीप परिहार की मौत हो गई। वह सुकांड क्षेत्र का रहने वाला था और जिला पंचायत सदस्य आलोक शर्मा के भाई नवीन शर्मा का कर्मचारी बताया गया है। संदीप को तीन से चार गोलियां लगने की सूचना है। घटना में एक अन्य व्यक्ति के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
जमीन के नामंतरण को लेकर चला रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार, जिला पंचायत सदस्य आलोक शर्मा की टेकनपुर हाईवे स्थित जमीन का एक बीघा का हिस्सा डबरा निवासी व्यापारी हरी गुप्ता को बेचा गया था। बाद में हरी गुप्ता ने यह जमीन मुरैना के एक गुर्जर परिवार को बेच दी। जमीन के नामांतरण और कब्जे को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था।
गुर्जर परिवार के लोग कब्जा लेने पहुंचे
शुक्रवार शाम श्याम गुर्जर परिवार के लोग हथियारबंद साथियों के साथ जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे। इस दौरान नवीन शर्मा और उनके कर्मचारियों से विवाद हो गया। कहासुनी और हाथापाई के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। गोली लगने से नवीन के कर्मचारी संदीप की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।मृतक पक्ष की ओर सें श्यामू, लालू, विनय, सोनेराम और बाबा गुर्जर पर हत्या का आरोप लगाया है।
इस संबंध में ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ और गोली चली, जिसमें एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना है। आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।




















