ग्वालियरमध्य प्रदेश

Gwalior : चुनावी विजय जुलूस में चलीं गोलियां, युवक की मौत; आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम

मप्र में पंचायत चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। ग्वालियर में चुनावी जीत के जश्न के बीच गोलियां चल गईं। जहां गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने करीब 6 घंटे तक ग्वालियर-झांसी हाईवे पर सिमरिया टेकरी के पास जाम लगाकर रखा। प्रशासन की समझाइश पर मामला शांत हुआ। पुलिस ने 7लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

जुलूस के दौरान गांव में चलीं गोलियां

मामला ग्वालियर जिले की अजयगढ़ पंचायत के गजापुर गांव की है। यहां प्रेमाबाई सरपंच चुनी गई हैं। शुक्रवार को गांव में गाजे-बाजे के साथ विजय जुलूस निकाला जा रहा था, तभी गोलियां चल गई। बताया जा रहा है कि जुलूस में सरपंच प्रेमाबाई का बेटा मोनू गुर्जर अवैध हथियार लेकर चल रहा था। जैसे ही जुलूस चुनाव हारी प्रत्याशी शकुंतला बघेल के घर सामने से गुजरा, तो शकुंतला के भतीजे रामवीर बघेल (25) से किसी बात को लेकर मोनू की बहस हो गई। इसके बाद मोनू ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से रामवीर बघेल की मौत हो गई।

हाईवे पर किया चक्काजाम

घटना से आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। करीब 6 घंटे जाम के बाद यातायात सामान्य हो सका। फिलहाल गांव में हालात तनावपूर्ण है, लिहाजा यहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपी पक्ष के लोग घरों पर ताले डालकर लापता हो गए हैं। बता दें, प्रेमाबाई ने शकुंतला बघेल को 400 वोटों से हराया है। गांव में गुर्जर और बघेल समुदाय के बीच काफी समय से वर्चस्व की लड़ाई भी चली आ रही है।

छावनी में बदला गांव

वारदात के बाद से गांव में तनाव है। पीड़ित और आरोपियों के घर के बीच में सिर्फ 100 से 150 मीटर का फासला है। मृतक के परिवार में भी आक्रोश है। ऐहतियात के तौर पर गांव में पुलिस फोर्स तैनात है। पुलिस ने गांव को पुलिस छावनी में बदल दिया है।

ये भी पढ़ें: MP Panchayat Chunav : दतिया में दबंगों ने पोलिंग बूथ पर की फायरिंग, मतपेटी लूटकर भरा पानी; फिर लाठियों से तोड़ा

इन पर मामला दर्ज

गोली लगने से युवक की मौत के मामले में अरविंद गुर्जर, प्रेमसिंह गुर्जर, रामनरेश गुर्जर, भगवान सिंह गुर्जर, मोनू गुर्जर सहित 2 अन्य लोगों पर भादंवि की धारा 302, 147, 148,149, 294, 506, 25, 27 धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि सभी लोग अवैध हथियार लिए हुए थे। जिनमें मोनू गुर्जर ने अपनी 315 बोर की अवैध रायफल से गोली मार दी। सीने में गोली लगने से युवक की मौत हो गई।

ये भी पढ़ें: MP Nagar Nigam Elections 2022 : इंदौर में काउंटिंग का होगा सीधा प्रसारण, निर्वाचन आयोग ने दी अनुमति; धरना निरस्त

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button