PlayBreaking News

ग्वालियर:एक ही दिन दो हत्याओं से सनसनी, चरित्र शंका और पुरानी रंजिश बनी जानलेवा

ग्वालियर में एक ही दिन दो अलग-अलग हत्याओं से सनसनी फैल गई। हजीरा में पति ने चरित्र शंका में पत्नी की हत्या कर दी, जबकि सिरोल में पुरानी रंजिश के चलते युवक की पीट-पीटकर हत्या कर शव नदी में फेंक दिया गया।
Follow on Google News
एक ही दिन दो हत्याओं से सनसनी, चरित्र शंका और पुरानी रंजिश बनी जानलेवा

ग्वालियर में बुधवार को दो अलग-अलग इलाकों में हुए दो हत्याकांडों ने पूरे शहर को झकझोर दिया। एक मामले में पति ने पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी, जबकि दूसरे मामले में पत्नी को भगाकर ले जाने की पुरानी रंजिश में युवक की पीट-पीटकर हत्या कर शव नदी में फेंक दिया गया। दोनों वारदातों के बाद आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

हजीरा में पत्नी की गला घोंटकर हत्या

पहला मामला हजीरा थाना क्षेत्र के आरा मील इलाके का है। यहां 33 वर्षीय आरती की उसके पति धर्मेंद्र दोहरे ने कथित रूप से गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार आरती पिछले दो-तीन महीनों से पति से अलग रह रही थी। वह अपने देवर संजू और दो बेटों के साथ किराए के मकान में रहती थी तथा ई-रिक्शा चलाकर परिवार का खर्च उठाती थी। धर्मेंद्र को पत्नी के चरित्र पर संदेह था और वह देवर के साथ रहने को लेकर अक्सर विवाद करता था।

हत्या से पहले जताया था जान का खतरा

जांच में सामने आया कि घटना से करीब दो घंटे पहले आरती ने ई-रिक्शा मालिक उषा तोमर को फोन कर बताया था कि उसे अपने पति से जान का खतरा है। दोपहर में जब उषा उसके कमरे पर पहुंचीं तो बाहर से कुंडी लगी हुई थी। अंदर जाकर देखा तो आरती मृत अवस्था में पड़ी थी। उसके गले पर दबाने के निशान थे। सूचना मिलते ही हजीरा पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पहले भी कर चुका था हत्या का प्रयास

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि करीब दो महीने पहले धर्मेंद्र ने पत्नी को किले से धक्का देकर मारने की कोशिश की थी लेकिन वह बच गई थी। लगातार मारपीट और धमकियों से परेशान होकर ही आरती पति से अलग रहने लगी थी। घटना के समय दोनों बच्चे घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस के मुताबिक उनकी नानी की तबीयत खराब होने के कारण वे एक दिन पहले ही उनके साथ चले गए थे।

ये भी पढ़ें: दतिया : 40 हजार रुपए का विवाद...बेटे ने की पिता की हत्या, शव 6 महीने तक बॉक्स में छुपाया, लोगों को कहा मुंबई गए हैं पापा!

सिरोल में पुरानी रंजिश में युवक की हत्या

दूसरा मामला सिरोल थाना क्षेत्र का है जहां गोला का मंदिर निवासी दिनेश इंदौरिया का शव वैशाली नदी से बरामद हुआ। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने इसे हत्या का मामला माना है। पुलिस के मुताबिक मुरार निवासी रानी नाम की महिला कुछ समय पहले लापता हो गई थी। उसके पति मुकेश ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बाद में पता चला कि महिला राकेश नाम के युवक के साथ चली गई थी। महिला के वापस मिलने के बाद भी मुकेश की रंजिश खत्म नहीं हुई और उसने राकेश के भाई दिनेश को निशाना बना लिया।

श्मशान के पास ले जाकर बेरहमी से मार डाला

जांच में सामने आया है कि बुधवार दोपहर मुकेश दिनेश को सिरोल क्षेत्र स्थित मेहरा कॉलोनी के पीछे वैशाली नदी किनारे श्मशान के पास ले गया। वहां पहले उसके साथ डंडों से मारपीट की गई और बाद में उसे नदी में डुबोकर मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक डंडा भी बरामद किया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि वारदात में एक से ज्यादा लोग शामिल थे। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं।

ये भी पढ़ें: शराब के खिलाफ फूटा गुस्सा : पत्नी ने शराबी पति को खंभे से बांधा, मुंह पर टेप चिपकाया, पुलिस ने जाकर छुड़ाया

दोनों मामलों में पुलिस की कार्रवाई जारी

दोनों हत्याओं के बाद पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। एफएसएल और पुलिस की टीमें साक्ष्य जुटा रही हैं। एएसपी सिटी पूर्व शिवेश सिंह बघेल ने बताया कि दोनों थाना क्षेत्रों में हत्या के मामले दर्ज कर लिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Sumit Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts