Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुटखा खाने पर पति ने डांटा... नाराज मां ने तीन बच्चों के साथ खाया जहर, महिला और दो बेटियों की मौत, बेटा अस्पताल में भर्ती

गुटखा खाने पर पति ने डांटा... नाराज मां ने तीन बच्चों के साथ खाया जहर, महिला और दो बेटियों की मौत, बेटा अस्पताल में भर्ती
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    सतना। मध्यप्रदेश सीमा से लगे उत्तरप्रदेश के इटवां डुडैला गांव में शनिवार शाम को एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव की रहने वाली झुमकी (32) ने अपने तीन छोटे बच्चों को जहर खिला दिया और खुद भी जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर चारों को सतना के मझगवां अस्पताल लाया गया। यहां सबसे छोटी बेटी बुलबुल (1 वर्ष) ने दम तोड़ दिया।

    रास्ते में मां और दूसरी बेटी की मौत

    गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने झुमकी और उसके दो अन्य बच्चों को सतना जिला अस्पताल रेफर किया। लेकिन रास्ते में ही मां झुमकी और बेटी चंद्रमा (3 वर्ष) ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह मां और दोनों बेटियों की मौत हो गई, जबकि बेटा दीपचंद्र (4 वर्ष) अब भी गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती है।

    पति ने बताया घटना का कारण

    मृतका के पति बब्बू यादव ने बताया कि उसकी पत्नी झुमकी गुटखा खाती थी। इसी बात पर उसने शनिवार को पत्नी को डांटा था।
    बब्बू यादव ने पत्नी से कहा था- "अब बच्चे बड़े हो रहे हैं। उन पर बुरा असर पड़ेगा। इसलिए गुटखा छोड़ दो। मैं अब इसके लिए पैसे नहीं दूंगा।" इसके बाद वह काम पर चला गया।

    बच्चों का दर्दनाक बयान

    बब्बू यादव ने बताया कि जब वह घर लौटा तो बच्चों की हालत खराब थी और उन्हें पेट में दर्द हो रहा था। पूछने पर एक बच्ची ने कहा- "पापा, दर्द हो रहा है। मम्मी ने हमें कुछ कड़वा खिला दिया।" इसके बाद परिवार तुरंत उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचा, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

    घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल बेटा दीपचंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर उसकी जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts