Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुना में भीषण सड़क हादसा :मां-भाभी और बेटे की मौत, इलाज कराकर लौट रहे थे घर

मां-भाभी और बेटे की मौत, इलाज कराकर लौट रहे थे घर
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    गुना। जिले के धरनावदा थाना क्षेत्र अंतर्गत रुठियाई बायपास तिराहे पर सोमवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। हादसे में एक ही परिवार की तीन जिंदगियां एक झटके में खत्म हो गईं। मृतकों में मां, भाभी और बेटा शामिल हैं। घटना के बाद पूरे चौड़ाखेड़ी गांव में मातम का माहौल है।

    चौड़ाखेड़ी से गुना गए थे इलाज कराने

    जानकारी के अनुसार हरदुम यादव अपनी मोटरसाइकिल (MP08 MU 5211) से अपनी मां गंगाबाई और भाभी रामप्यारी को लेकर गुना से इलाज कराकर चौड़ाखेड़ी गांव लौट रहे थे। उनके पीछे-पीछे उनके चाचा हरिसिंह यादव और भतीजे श्यामबाबू यादव दूसरी मोटरसाइकिल से चल रहे थे। सोमवार शाम करीब 4:15 बजे जब हरदुम रुठियाई बायपास तिराहे से रुठियाई जाने वाले रास्ते की ओर मुड़ा, तभी राघौगढ़ की तरफ से आ रहे आईशर कंपनी के ट्रक (RJ11 GC 6898) ने तेज गति और लापरवाही से सामने से टक्कर मार दी।

    Twitter Post

    फिल्मी स्टाइल में हुआ हादसा

    टक्कर इतनी जोरदार थी कि हरदुम, गंगाबाई और रामप्यारी सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। मोटरसाइकिल ट्रक में फंस गई और चालक उसे घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। बाद में जब ट्रक चालक ने गाड़ी को बैक किया तब मोटरसाइकिल अलग हुई। इस दौरान गवाहों ने ट्रक का नंबर देख लिया। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन को भगाकर गुना की ओर ले गया।

    उपचार के दौरान तीनों की मौत

    घटना की सूचना पर पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल गुना लाया गया जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए पीएम रूम में रखवाया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।

    एफआईआर दर्ज, ट्रक में भरे थे टमाटर

    फरियादी हरिसिंह यादव की जुबानी रिपोर्ट पर धरनावदा पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ अपराध धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसे के बाद आरोपी ट्रक दिल्ली की ओर भाग गया और उसमें टमाटरों की खेप भरी हुई थी। फिलहाल पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुट गई है और ट्रक का लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।

    (रिपोर्ट- राजकुमार रजक)

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts