गुना :एसपी हितिका वासल की पहल, बंदूक का लाइसेंस चाहिए तो घर-दुकान पर लगाने होंगे सीसीटीवी, कंट्रोल रूम से जोड़ना जरूरी
गुना। नशा मुक्ति और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एसपी हितिका वासल ने नजूल कॉलोनी स्थित राजमाता सिंधिया पार्क में आयोजित जन जागरूकता कार्यक्रम में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसी योजना पर विचार कर रही है, जिसके तहत बंदूक का लाइसेंस चाहने वाले आवेदकों को अपने मकान या दुकान पर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगवाने होंगे और उन्हें पुलिस के कंट्रोल रूम से लिंक कराना होगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है।
नशा विरोधी अभियान के तहत पोस्टर विमोचन और पौधारोपण
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहीं। आयोजन स्थल पहुंचने पर वार्ड पार्षद कैलाश धाकड़, जगवीर सिंह चौहान एवं गजेंद्र श्रीवास्तव सहित स्थानीय नागरिकों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान अतिथियों ने पार्क में नशा विरोधी पोस्टरों का विमोचन किया और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नागरिकों को सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित करना था।

नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा, नागरिकों को दिलाई शपथ
एसपी हितिका वासल ने क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए रहवासियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता ने पुलिस की इस मुहिम की सराहना करते हुए उपस्थित नागरिकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग की अपील की।













