गुना:पंचायत सचिवों ने नियुक्ति तिथि से सेवा गणना की मांग उठाई, जिला सम्मेलन में 130 याचिकाओं का जिक्र

मध्य प्रदेश पंचायत सचिव संगठन की जिला इकाई का वार्षिक जिला सम्मेलन शहर में उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता के माहौल में आयोजित किया गया। सम्मेलन में पंचायत सचिवों के लंबित मुद्दों, संगठन को मजबूत बनाने और कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान नियुक्ति तिथि से सेवा गणना की मांग प्रमुख मुद्दा रही।
प्रदेश नेतृत्व ने सचिवों में भरा उत्साह
सम्मेलन में संगठन के प्रदेशाध्यक्ष दिनेश चंद्र शर्मा और प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश सेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बृज रघुवंशी ने की। प्रदेश नेतृत्व ने संगठन की एकजुटता, अनुशासन और कर्मचारियों के हितों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी पंचायत सचिवों से संगठित रहने का आह्वान किया।
नियुक्ति तिथि से सेवा गणना की मांग पर जोर
प्रदेशाध्यक्ष दिनेश चंद्र शर्मा ने कहा कि पंचायत सचिवों की नियुक्ति दिनांक से सेवा गणना की वर्षों पुरानी मांग संगठन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इस मांग को लेकर प्रदेश स्तर पर कानूनी और रणनीतिक प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन के प्रयासों से सचिवों को जल्द ही न्याय मिलेगा।
ये भी पढ़ें: विदिशा: कोतवाली पुलिस ने पकड़ी 10 लाख कीमत की 80 ग्राम ब्राउन शुगर, 2 आरोपी गिरफ्तार
गुना से हाईकोर्ट में दायर हुईं 130 याचिकाएं
सम्मेलन में बताया गया कि सेवा गणना के मुद्दे पर गुना जिले से 130 याचिकाएं उच्च न्यायालय में दायर की जा चुकी हैं। संगठन का मानना है कि इन मामलों में सकारात्मक निर्णय मिलने की उम्मीद है जिससे प्रदेशभर के पंचायत सचिवों को लाभ मिल सकता है।
अधिकारों की लड़ाई में एकजुट रहने का आह्वान
प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश सेन और जिलाध्यक्ष बृज रघुवंशी ने सभी पंचायत सचिवों से संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने और अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन पूरी मजबूती से प्रयास कर रहा है।
ये भी पढ़ें: 2 करोड़ की लागत, 40 आधुनिक दुकानें... सीहोर में राजा भोज कॉम्प्लेक्स का शुभारंभ, व्यापार को मिलेगी नई रफ्तार
जिलेभर से पहुंचे सैकड़ों पंचायत सचिव
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री विजयकांत शर्मा ने किया, जबकि अंत में जिला प्रवक्ता शिवसिंह लोधा ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और पंचायत सचिवों का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए सैकड़ों पंचायत सचिव, संगठन पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान संगठन को और मजबूत बनाने तथा कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए मिलकर काम करने का संकल्प भी लिया गया।
Edited By: Sumit Shrivastava












