🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

‘रामायण से महाभारत तक महिलाओं के लिए सिर्फ पुरुष मरे, महिलाएं नहीं!’ विधायक पन्नालाल शाक्य के बयान पर भिड़ीं भाजपा विधायक प्रियंका पैंची

गुना में बलराम कृषि महोत्सव के मंच पर भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने रामायण, महाभारत और इतिहास के उदाहरण देते हुए पुरुषों के विनाश के लिए महिलाओं को जिम्मेदार बताया। उनके बयान पर मंच पर मौजूद भाजपा विधायक प्रियंका पैंची ने विरोध जताते हुए इसे महिलाओं का अपमान बताया। दोनों के बीच मंच पर तीखी बहस भी हुई।
Follow on Google News
‘रामायण से महाभारत तक महिलाओं के लिए सिर्फ पुरुष मरे, महिलाएं नहीं!’ विधायक पन्नालाल शाक्य के बयान पर भिड़ीं भाजपा विधायक प्रियंका पैंची
गुना में मंच पर भिड़े विधायक पन्नालाल शाक्य और प्रियंका पैंची।

गुना। अपने बेबाक और विवादित बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले गुना के भारतीय जनता पार्टी के गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने एक बार फिर महिलाओं पर विवादित टिप्पणी कर नया बखेड़ा खड़ा कर दिया है। जिला प्रशासन द्वारा नानाखेड़ी मंडी प्रांगण में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव-2026 के मंच पर भाषण देते हुए विधायक पन्नालाल शाक्य ने रामायण, महाभारत और इतिहास का हवाला देते हुए पुरुषों के विनाश का कारण महिलाओं को बता डाला। विधायक शाक्य के इस बयान पर मंच पर ही मौजूद चांचौड़ा से भाजपा की महिला विधायक प्रियंका मीना पैंची का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने भरे मंच पर खड़े होकर पन्नालाल शाक्य के बयान को महिलाओं का अपमान बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया, जिसके बाद दोनों विधायकों में तीखी बहस हो गई और मंच पर ही राजनीतिक संग्राम छिड़ गया।

रामायण-महाभारत का उदाहरण देकर बोले- लड़ाई में महिलाएं नहीं, पुरुष मारे गए 

नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी वर्चुअली जुड़े हुए थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा कि आज वे किसानों, खाद और बिजली के विषय में कोई बात नहीं करेंगे। उन्होंने देश भक्ति गानों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐ वतन तेरे लिए जान दे देंगे जैसे गानों पर रोक लगनी चाहिए, क्योंकि जान इतनी सस्ती नहीं है। हमें तो वतन के लिए जान लेना चाहिए। अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने महिलाओं पर विवादित बयान दिया। शाक्य ने कहा कि रामायण काल में रावण को उसके भाई ने बहुत समझाया था कि पराई स्त्री को लाना मौत का सामान है, उसे ससम्मान वापस भेज दो। उस युद्ध में कोई महिला नहीं मरी, सिर्फ आदमी मारे गए। महाभारत का जिक्र करते हुए विधायक बोले कि महाभारत में भी एक पंचाली (द्रौपदी) के चक्कर में एक करोड़ आदमी मारे गए, लेकिन महिलाएं कोई नहीं मरी। इतना ही नहीं, उन्होंने इतिहास का उदाहरण देते हुए कहा कि पृथ्वीराज चौहान ने संयोगिता के चक्कर में कन्नौज से दिल्ली तक अपने 55 सामंत मरवा दिए थे।

Breaking News

यह महिलाओं का अपमान है-चांचौड़ा विधायक प्रियंका पैंची ने भरे मंच पर जताया विरोध

पन्नालाल शाक्य द्वारा रामायण, महाभारत और इतिहास के उदाहरणों के जरिए महिलाओं को विनाश की वजह बताने पर मंच पर ही बैठीं चांचौड़ा की भाजपा विधायक प्रियंका मीना पैंची अपने गुस्से पर काबू नहीं रख सकीं। उन्होंने तुरंत खड़े होकर विधायक शाक्य के बयान पर कड़ा ऐतराज जताया। प्रियंका पैंची ने भरे मंच पर आक्रोश व्यक्त करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह बयान सीधे तौर पर महिलाओं का अपमान है और यह पूरी तरह से महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

ये भी पढ़ें: बहनों के लिए खुशखबरी-मप्र में पांच साल तक जारी रहेगी लाड़ली बहना योजना

हमने बहुत किताबें पढ़ी हैं, आप बैठ जाएं-विरोध के बाद भी नहीं रुके शाक्य

अपनी ही पार्टी की महिला विधायक द्वारा सरेआम विरोध किए जाने के बावजूद गुना विधायक पन्नालाल शाक्य पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। उन्होंने मंच पर ही प्रियंका पैंची को दो टूक लहजे में जवाब देते हुए कहा कि हमने बहुत सारी किताबें पढ़ी हैं, कहां क्या हुआ है हमें सब पता है, आप चुपचाप बैठ जाएं। मंच पर दोनों भाजपा विधायकों के बीच हुई इस तीखी झड़प और नारेबाजी जैसी स्थिति के बाद कार्यक्रम में मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और किसानों में हडक़ंप मच गया। महिलाओं पर दिए गए इस विवादित बयान का वीडियो और खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिससे जिले की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट आ गई है। 

ये भी पढ़ें: 150 से ज्यादा प्रशंसा प्रमाण-पत्र! छिंदवाड़ा के ASP आशीष खरे को राष्ट्रपति पदक, 25 साल की सेवा का मिला सम्मान

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts