Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

150 से ज्यादा प्रशंसा प्रमाण-पत्र! छिंदवाड़ा के ASP आशीष खरे को राष्ट्रपति पदक, 25 साल की सेवा का मिला सम्मान

छिंदवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे को पुलिस सेवा में बेहतरीन योगदान के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया है। 15 अगस्त को भोपाल में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें यह सम्मान दिया। करीब 25 साल की सेवा में खरे को 150 से ज्यादा प्रशंसा प्रमाण-पत्र मिल चुके हैं।
150 से ज्यादा प्रशंसा प्रमाण-पत्र! छिंदवाड़ा के ASP आशीष खरे को राष्ट्रपति पदक,  25 साल की सेवा का मिला सम्मान
ASP आशीष खरे को राष्ट्रपति पदक मिला

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश पुलिस के अधिकारी आशीष खरे के लिए स्वतंत्रता दिवस का समारोह खास उपलब्धि लेकर आया। राज्य पुलिस सेवा के 2001 बैच के अधिकारी और वर्तमान में छिंदवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत खरे को उनकी सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक प्रदान किया गया। भोपाल में 15 अगस्त को हुए राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें सम्मानित किया। खरे को यह पदक पुलिस सेवा में उनके लंबे और बेहतर काम के लिए मिला है। उनकी इस उपलब्धि से पुलिस विभाग और छिंदवाड़ा जिले में खुशी का माहौल है।

25 साल की सेवा के बाद मिला बड़ा सम्मान

आशीष खरे ने राज्य पुलिस सेवा में करीब 25 वर्षों तक अलग अलग जिम्मेदारियां संभाली हैं। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम करते हुए पुलिस व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जुड़े कार्यों में योगदान दिया। उनकी सेवाओं को देखते हुए उन्हें समय समय पर वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से प्रशंसा भी मिली।

ये भी पढ़ें: सीहोर में शिक्षकों को मिलेगी नई तकनीकी उड़ान, 6 दिवसीय अटल फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम शुरू

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर किया सम्मानित

राष्ट्रपति पदक के लिए आशीष खरे के नाम की घोषणा 14 अगस्त 2025 को की गई थी। उस समय वह भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय के अपराध अनुसंधान विभाग में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर तैनात थे। करीब एक साल बाद 15 अगस्त 2026 को भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में उन्हें यह पदक प्रदान किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खरे को सम्मानित किया। राष्ट्रपति पदक से सम्मानित अधिकारियों को मुख्यमंत्री और राज्यपाल की ओर से उनके निवास पर भी आमंत्रित कर सम्मान दिया गया। 

कई अहम पदों पर संभाली जिम्मेदारी

आशीष खरे का पुलिस सेवा का अनुभव काफी लंबा रहा है। उन्होंने अपने करियर में डीएसपी रतलाम के साथ 17वीं बटालियन भिंड और 10वीं बटालियन सागर में भी सेवाएं दी हैं। इसके अलावा वह सागर, गुना और भोपाल में सीएसपी के पद पर जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। खरे ने एआईजी एसटीएफ और एआईजी ईओडब्ल्यू के रूप में भी काम किया। इसके बाद 18वीं बटालियन शिवपुरी और एआईजी सीआईडी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी उनकी तैनाती रही।

150 से ज्यादा प्रशंसा प्रमाण-पत्र

करीब ढाई दशक की सरकारी सेवा के दौरान आशीष खरे को वरिष्ठ अधिकारियों से लगभग 150 प्रशंसा प्रमाण-पत्र मिल चुके हैं। ये प्रमाण-पत्र उनके काम और जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभाने के लिए दिए गए। राष्ट्रपति पदक को उनके लंबे सेवा रिकॉर्ड की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

कोरोना काल में भी मिली थी पहचान

कोरोना महामारी के दौरान भी आशीष खरे ने पुलिस सेवा में उल्लेखनीय काम किया था। उस समय उनकी सेवाओं के लिए उन्हें कर्मवीर योद्धा पदक से सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री का उत्कृष्ट सेवा पदक भी मिल चुका है।

ये भी पढ़ें: भोपाल: निशातपुरा में 11 मकानों पर चला बुलडोजर, हाईकोर्ट के आदेश पर बड़ी कार्रवाई

जिले में खुशी, अधिकारियों ने दी बधाई

राष्ट्रपति पदक मिलने के बाद छिंदवाड़ा जिले के अधिकारियों ने भी आशीष खरे को बधाई दी। कलेक्टर हरेंद्र नारायन और पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं। पुलिस विभाग के लिए भी यह सम्मान गौरव का विषय माना जा रहा है।

EDIT BY: ADITI RAWAT

Shyam Sahu
By Shyam Sahu

छिंदवाड़ा के वरिष्ठ पत्रकार हैं। 25 वर्षों का अनुभव अपने क्षेत्र में शासन प्रशासन की खबरें पाठकों त...Read More

Latest Posts