Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

आरोन के रामपुर में जन-विश्वास शिविर, ग्रामीणों को एक ही जगह मिलीं कई शासकीय सेवाएं

गुना के आरोन विकासखंड की ग्राम पंचायत रामपुर में जन-विश्वास शिविर आयोजित हुआ। 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को नामांतरण, प्रमाण-पत्र, आयुष्मान कार्ड और विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला।

गुना। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को आरोन विकासखंड की ग्राम पंचायत रामपुर में जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आरोन क्षेत्र की 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मौके पर ही प्रकरणों पर कार्रवाई की गई। शिविर में नामांतरण, बटांकन, बंटवारा, रजिस्ट्री, जाति एवं मूल निवासी प्रमाण-पत्र, पात्रता पर्ची, आधार और आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न सेवाओं से जुड़े आवेदनों का निराकरण किया गया। पात्र मामलों में मौके पर कार्रवाई की गई, जबकि अन्य प्रकरणों को समय सीमा में निपटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

संबल और मुद्रा योजना के हितग्राहियों को मिला लाभ

शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिया गया। संबल योजना के 5 हितग्राहियों को 2-2 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा मुद्रा ऋण योजना के 3 आवेदकों को कुल 3 लाख रुपये का लाभ दिया गया। वहीं, 2 स्व-सहायता समूहों को 6.50 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई। सामाजिक न्याय विभाग की वृद्धावस्था पेंशन योजना सहित अन्य विभागों की योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को भी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

फील्ड भ्रमण के बाद ग्रामीणों से सीधा संवाद

शिविर से पहले विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्राम क्षेत्र का भ्रमण किया और संबंधित शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद पंचायत भवन में आयोजित शिविर में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, डीएफओ अक्षय राठौर सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं, आवश्यकताएं और स्थानीय स्तर पर सामने आ रही परेशानियों की जानकारी ली। शिविर की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और कन्या पूजन के साथ हुई।

नामांतरण से आयुष्मान कार्ड तक आवेदनों पर कार्रवाई

शिविर में ग्रामीणों के विभिन्न आवेदनों का पंजीयन कर उन्हें संबंधित विभागों को भेजा गया। नामांतरण, बटांकन, बंटवारा, रजिस्ट्री, पीएम किसान, जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवासी प्रमाण-पत्र, पात्रता पर्ची, आधार कार्ड और आयुष्मान कार्ड से जुड़े प्रकरणों पर कार्रवाई की गई। जिन मामलों में पात्रता पूरी थी, उनमें मौके पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई। वहीं जिन प्रकरणों में अतिरिक्त कार्रवाई की जरूरत थी, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

ये भी पढ़ें: सतना में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन, किराना दुकान से शराब बरामद; संचालक फरार

स्वरोजगार करने वालों से हुआ उद्यम संवाद

शिविर में उद्यमियों, नए स्टार्टअप और स्वरोजगार से जुड़े लोगों के साथ उद्यम संवाद भी आयोजित किया गया। किसान, वेल्डर, पेंटर सहित अलग-अलग स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़े लोगों ने इसमें हिस्सा लिया। अधिकारियों ने हितग्राहियों से उनके काम, सामने आ रही समस्याओं और कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी सहयोग की जानकारी ली। संबंधित विभागों को पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। हितग्राहियों ने बताया कि सरकारी योजनाओं के माध्यम से मिले प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और अन्य सहयोग से उन्हें स्वरोजगार शुरू करने और अपनी गतिविधियों को आगे बढ़ाने में मदद मिली है।

ये भी पढ़ें: जिस सड़क के लिए 11 दिन से अनशन, उसी में फंसी महापौर की गाड़ी! फिर पैदल पहुंचीं धरना स्थल

ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी

शिविर में विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी। अधिकारियों ने पात्रता और योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभ के बारे में भी बताया। जन-विश्वास शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर अलग-अलग विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई। शिविर में एसडीएम आरोन मंजुषा खत्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

Rajkumar Rajak
By Rajkumar Rajak

Latest Posts