सतना में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन, किराना दुकान से शराब बरामद; संचालक फरार
सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ शुक्रवार को महिलाओं का आक्रोश सामने आया। वार्ड क्रमांक 16 की कृपालपुर पुरेनिहा बस्ती में दर्जनों महिलाएं हाथों में लाठी-डंडे लेकर सड़क पर उतर आईं और किराना दुकान के सामने प्रदर्शन करते हुए घेराव किया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि दुकान की आड़ में लंबे समय से अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी। महिलाओं के प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में दुकान की तलाशी ली गई, जहां से अवैध शराब बरामद होने की बात सामने आई। इसके बाद दुकान को तत्काल बंद करा दिया गया। दुकान संचालक मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
स्कूल और मंदिर के पास शराब बिक्री का आरोप
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आरोप लगाया कि शिवकुमार उर्फ बेटू चौधरी अपनी किराना दुकान से लंबे समय से अवैध शराब बेच रहा था। महिलाओं के मुताबिक दुकान के पास ही एचटीसी स्कूल है, जहां छोटे बच्चे पढ़ने आते हैं। इसके अलावा आसपास अंबेडकर स्कूल और काली मां का मंदिर भी स्थित है। महिलाओं का कहना है कि दुकान के आसपास शराब पीने वालों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता था। इसके कारण आए दिन गाली-गलौज और विवाद की स्थिति बनती थी। महिलाओं और छात्राओं को सड़क से निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस संबंध में पहले भी पुलिस और प्रशासन से शिकायत की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने के कारण शुक्रवार को महिलाओं ने खुद विरोध प्रदर्शन किया।
लाठी-डंडे लेकर सड़क पर उतरी महिलाएं
शराब बिक्री के विरोध में बड़ी संख्या में महिलाएं दुकान के सामने पहुंचीं। उनके हाथों में लाठी-डंडे थे और उन्होंने दुकान का घेराव कर दिया। प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने महिलाओं को मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई। इसके बाद प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में किराना दुकान की जांच की गई।
तलाशी में मिली अवैध शराब, दुकान बंद
एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, सीएसपी मनीष त्रिपाठी और कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के अनुसार, दुकान की तलाशी के दौरान अवैध शराब बरामद हुई शराब मिलने के बाद दुकान को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। हालांकि, पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही दुकान संचालक शिवकुमार उर्फ बेटू चौधरी मौके से निकल गया था। पुलिस और आबकारी विभाग ने उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
प्रशासन ने कार्रवाई का भरोसा दिया
एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया ने बताया कि महिलाओं के विरोध और शिकायत के बाद किराना दुकान की जांच कराई गई थी। तलाशी के दौरान दुकान के अंदर से अवैध शराब बरामद हुई, जिसके बाद दुकान बंद करा दी गई। उन्होंने बताया कि संबंधित संचालक के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं सीएसपी मनीष त्रिपाठी के मुताबिक, दुकान संचालक शिवकुमार उर्फ बेटू चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है। मामले में अब पुलिस अवैध शराब की बिक्री से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुकान से कितने समय से शराब की बिक्री की जा रही थी और इसमें कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।






















