गुजरात हाईवे पर आग का तांडव!चलती बस टैंकर से टकराई, 4 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत, 10 घायल

राजकोट। गुजरात के चोटीला-राजकोट हाईवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अहमदाबाद से राजकोट जा रही एक निजी लग्जरी बस डामर से भरे टैंकर से टकरा गई, जिसके बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बस में बैठे यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में चार यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि करीब दस से पंद्रह लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों का इलाज राजकोट सिविल अस्पताल में जारी है।
आधी रात को हाईवे पर मचा हड़कंप
यह हादसा चोटीला-राजकोट नेशनल हाईवे पर संगानी गांव के पास देर रात करीब 1:30 बजे हुआ। डामर से भरा एक टैंकर हाईवे पर आगे चल रहा था। अचानक उसका टायर फट गया, जिससे वाहन में आग लग गई। इसी दौरान पीछे से आ रही निजी लग्जरी बस अनियंत्रित होकर टैंकर से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में भी आग फैल गई। देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेट में आ गई। हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। कई यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई लेकिन कुछ लोग अंदर ही फंस गए।
ये भी पढ़ें: CNG 2 रुपए प्रति किलो महंगी! आम जनता पर फिर बढ़ा बोझ, क्यों बढ़े दाम? जानिए वजह
बस में फंसे यात्रियों को नहीं मिला बचने का मौका
हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। आग तेजी से फैलने लगी और बस के अंदर धुआं भर गया। चीख-पुकार के बीच लोग खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकलने की कोशिश करते रहे। चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ये सभी यात्री गंभीर रूप से झुलस गए थे और उन्हें बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया।
प्रशासन और दमकल विभाग तुरंत पहुंचा मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही चोटीला के डिप्टी कलेक्टर एच.टी. मकवाना अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। कई घायलों को पहले चोटीला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें राजकोट सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल यात्रियों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल हुए लोगों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार कई यात्री आग और धुएं की वजह से झुलस गए हैं। अस्पताल में भर्ती यात्रियों और उनके परिजनों से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है ताकि हादसे की पूरी जानकारी सामने आ सके। राजकोट सिविल अस्पताल में देर रात से ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। घायलों के परिवारों को सूचना देने का काम भी शुरू कर दिया गया है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
डिप्टी एसपी एस.एस. भदौरिया ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि टैंकर का टायर फटने के बाद हादसा हुआ। हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। बस की स्पीड, ड्राइवर की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की जाएगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों वाहनों से जुड़े दस्तावेज भी जांच के लिए कब्जे में ले लिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के असली कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
ये भी पढ़ें: दिल्ली फिर शर्मसार! महिला को अंदर खींचा, चलती बस में 2 घंटे तक गैंगरेप कर सड़क पर फेंका; ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार
हाईवे पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना के बाद चोटीला-राजकोट हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। आग और राहत कार्य की वजह से कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए वाहनों को हटाकर ट्रैफिक दोबारा शुरू कराया।











