फिरोजाबाद:पूर्व विधायक के बेटे ने पत्नी को गोली मारने के बाद खुद भी दी जान, पुलिस कर रही जांच

फिरोजाबाद। मृतक राकेश यादव उत्तर प्रदेश पुलिस से सेवानिवृत्त होने के बाद वकालत कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से मानसिक तनाव और पारिवारिक परेशानियों से जूझ रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर घटना के सभी पहलुओं को खंगाल रही है।
घर के भीतर चली दो गोलियां
शनिवार रात करीब नौ बजे शिकोहाबाद के सुभाष चौराहा क्षेत्र में अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आसपास के लोग जब मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर राकेश यादव और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: नवा रायपुर में वाटर स्पोर्ट्स का महाकुंभ: सेंध लेक में राष्ट्रीय कयाकिंग-कैनोइंग चैम्पियनशिप का शानदार आगाज।
रिटायर्ड पुलिस अधिकारी थे राकेश यादव
राकेश यादव उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने वकालत का पेशा अपना लिया था। वे पूर्व कांग्रेसी विधायक स्वर्गीय जगदीश सिंह यादव के बेटे थे।
डिप्रेशन की वजह से की आत्महत्या!
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार राकेश यादव पिछले कुछ समय से डिप्रेशन में थे। उनकी पत्नी गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं, जिससे वे काफी परेशान थे। इसके अलावा कुछ अन्य व्यक्तिगत और कानूनी कारण भी उनकी चिंता का कारण बताए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: MP News: भोपाल की बेटी माही लामा का वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में चयन, 60 किलो वर्ग में देश का करेंगी प्रतिनिधित्व
अस्पताल में पत्नी ने भी तोड़ा दम
घटना के बाद पुलिस ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने राकेश यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य इकट्ठे कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।












