आगजनी की चपेट में आ सकती थी 100 से ज्यादा दुकानें, सतर्कता से टला करोड़ों का नुकसान

गुना। शहर के प्रमुख व्यवसायिक क्षेत्र सदर बाजार में रविवार रात लगभग 10.30 बजे भीषण आगजनी की घटना सामने आई है। हालांकि जिला प्रशासन की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि अगर समय रहते फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची तो कम से कम 100 दुकानें चपेट में आ सकती थीं और करोड़ों के नुकसान की आशंका बन गई है।
गोदाम से आग की लपटें उठती देखी
बता दें कि बीती रात लगभग 10.30 बजे सदर बाजार में संचालित जैन स्टोर्स के गोदाम से आग की लपटें उठती हुई देखी गई थीं। जैन स्टोर्स का गोदाम उनकी दुकान के सामने स्थित अशोक वस्त्रालय संस्थान के ऊपर है। इस गोदाम में फिलहाल दीपावली की साज-सज्जा से संबंधित सामग्री और नियमित उपयोग में आने वाला सामान भरा हुआ था।
आगजनी की जानकारी सबसे पहले इस इमारत के आसपास रहने वाले लोगों को मिली, उन्होंने तुरंत अपने घरों से पानी की लेजम निकालकर आग पर बौछार करना शुरु कर दिया। इसी बीच नगरपालिका को सूचना दी गई और दशहरा मैदान स्थित फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड रवाना हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 20 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई और मोर्चा संभाल लिया। तब तक आगजनी विकराल रूप ले चुकी थी, लिहाजा दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा। शहर के प्रमुख व्यवसायिक क्षेत्र में हुई आगजनी की भीषण घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम शिवानी पांडे, नगरपालिका की प्रभारी सीएमओ सुश्री मंजूषा खत्री सहित कई अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। करीब 12 बजे तक आगजनी पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
चारों तरफ कपड़े की दुकानें, सभी दहशत में रहे
अशोक वस्त्रालय के ऊपर गोदाम में लगी आग की जानकारी मिलते ही इस इलाके में संचालित तमाम दुकानों के मालिक अपने-अपने घरों से संस्थानों की ओर दौड़ पड़े। दरअसल, सदर बाजार में अशोक वस्त्रालय के समीप दोनों तरफ सैकड़ों कपड़े की दुकानें हैं। एक तरफ अनुराधा गली का मार्ग है, तो दूसरी ओर हनुमान गली है। इन दोनों ही गलियों में शहर के नामचीन कपड़ा विक्रेताओं की दुकानें हैं, जिनमें करोड़ों का माल भरा हुआ है। इसलिए जब तक आग पूरी तरह नहीं बुझ गई तब तक इन दुकानों के मालिकों के चेहरों पर सिकन नजर आई। वहीं पड़ोसी दुकानदार छतों पर खड़े हो गए और आगजनी का जायजा लेते रहे।
30 से 40 लाख का नुकसान संभावित : अग्रवाल
इस घटना के बाद उद्योग एवं व्यापार महासंघ के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कहा है कि अगर प्रशासन समय रहते मोर्चा नहीं संभालता तो होने वाले नुकसान की कल्पना करना भी मुश्किल था। उन्होंने बताया कि आगजनी जैन स्टोर्स के गोदाम में हुई। इसके मालिक विजय जैन हैं, उनसे बात हुई है। फिलहाल नुकसान का सही आंकलन तो सामने नहीं आया है। लेकिन अग्रवाल ने अनुमान लगाया कि करीब 30 से 40 लाख रुपए का नुकसान हो सकता है। सही आंकड़ा विजय जैन द्वारा किए गए आंकलन के बाद ही चल सकेगा।
अगर दिन होता तो...
बीती रात हुई आगजनी की घटना को जिला प्रशासन ने भले ही समय रहते काबू में कर लिया। लेकिन दुकानदार और स्थानीय लोग यह सोचकर ही दहशत में आ जाते हैं कि आगजनी अगर दिन के समय हुई होती तो मंजर कुछ और ही हो सकता था। दरअसल, सदर बाजार भीड़-भाड़ इलाका है। यहां दिनभर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ती है। दमकल वाहन को हाट रोड से निचला बाजार होकर यहां तक पहुंचना पड़ता, जो 20 मिनट में कतई संभव नहीं था। कम से कम 40 से 50 मिनट का समय लग जाता और मुमकिन था कि तब तक आसपास की दुकानें चपेट में आ जाती।
(रिपोर्ट - राजकुमार रजक)
ये भी पढ़ें: गुना सदर बाजार में भीषण आग से मची अफरा-तफरी, गोदाम में जली दीपावली की सामग्री, अफसरों ने संभाली कमान












